Betul Samachar: गलती नपा की, कलेक्टर ने लगा दी पीडब्ल्यूडी ईई को फटकार
Betul News: Mistake of Nagar Palika, Collector reprimanded PWD EE

पांच से सात पेड़ों की छंटाई ने रोकी पोल शिफ्टिंग की रफ्तार
Betul Samachar: बैतूल। शहर के विकास कार्यों में नगर पालिका की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। थाना रोड पर व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण कार्य के बाद फुटपाथ का $काम पोल शिफ्टिंग और लाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया डेढ़ माह से अटकी पड़ी है। खुद कलेक्टर इस मार्ग का निरीक्षण कर चुके हैं। इस मामले में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने हाल ही में समीक्षा बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी ईई प्रति पटेल को फटकार लगा दी, जबकि हकीकत यह है कि इस कार्य से लोक निर्माण विभाग का कोई लेना-देना ही नहीं है।
पूरा टेंडर नगर पालिका द्वारा जारी किया गया है और जिम्मेदारी नपा व बिजली कंपनी के ठेकेदार की है। बावजूद इसके नपा अधिकारियों की ढिलाई के कारण कार्य अटका हुआ है। हालांकि आज मंगलवार ठेकेदार ने लल्ली चौक के आसपास लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू किया है।
नपा के पास नहीं पेड़ छंटाई करने का समय
जानकारी के अनुसार थाना रोड पर सुभाष प्रायमरी स्कूल के सामने से लेकर कोतवाली तक करीब पांच से सात पेड़ लाइन शिफ्टिंग में बाधा बन रहे हैं। यदि इन पेड़ों की मात्र छटाई कर दी जाए तो बिजली के खंभों को शिफ्ट करने और लाइन खींचने में कोई दिक्कत नहीं आएगी, लेकिन नगर पालिका के अधिकारी इतने उदासीन हैं कि अब तक पेड़ों की छटाई तक नहीं करवाई गई है। यही वजह है कि ठेकेदार हाथ पर हाथ धरे बैठा है और शिफ्टिंग का काम लंबित पड़ा हुआ है।
ठेकेदार राघवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि नपा आज पेड़ों की छंटाई कर दे तो दो दिन में पोल और लाइन शिफ्ट हो सकती है। स्थिति यह है कि पोल शिफ्टिंग और लाइन ट्रांसफर पूरे होने के बाद ही फुटपाथ और अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य आगे बढ़ सकता है। लेकिन नपा की सुस्ती के चलते ठेकेदार को भी बार-बार काम रोकना पड़ रहा है। परिणामस्वरूप लाखों का बजट फंस गया है और जनता को व्यवस्थित फुटपाथ की सुविधा से अभी तक वंचित रहना पड़ रहा है।
नपा को छोड़कर जवाबदेही दूसरे विभाग पर डालना क्या सही है!
कलेक्टर की फटकार का सीधा असर पीडब्ल्यूडी पर पड़ना भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। जब यह मामला पूरी तरह से नगर पालिका और बिजली कंपनी से जुड़ा है, तो फिर जवाबदेही गलत विभाग पर आखिर क्यों डाली जा रही है? यह स्थिति न केवल अव्यवस्था को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किस तरह विभागीय तालमेल की कमी के कारण आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिम्मेदारी से पल्ला झाड़, फाइलों में उलझे अधिकारी
नगर पालिका की यह लापरवाही साफ संकेत देती है कि विकास कार्यों के प्रति जिम्मेदारी निभाने के बजाय अधिकारी केवल फाइलों में उलझे हुए हैं। यदि जल्द ही पेड़ों की छटाई और पोल शिफ्टिंग का काम पूरा नहीं हुआ तो थाना रोड का फुटपाथ निर्माण लंबे समय तक अधर में लटका रहेगा।
इनका कहना…
लाइन की जद में आ रहे पांच-सात पेड़ों की छंटाई किया जाना है, नपा जब छंटाई करेगी उसके बाद ही पोल और लाइन शिफ्ट किए जा सकेंगे।
राघवेंद्र द्विवेदी, विद्युत ठेकेदार
पेड़ों की छंटाई आज-कल में करवा दी जाएगी। इसके बाद शिफ्टिंग का काम शुरू कराएंगे।
अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल




