Betul News: शिकायतों के निराकरण के लिए नपा करेगी मोबाइल एप तैयार, सदर बैल बाज़ार बन्द होगा तो शहर में लगेंगे ट्रैफिक सिंग्नल
Betul News: NAPA will prepare mobile app for redressal of complaints, traffic signals will be installed in the city if Sadar Bail Bazar is closed

पीआईसी की बैठक में 183 एजेंडे पर बनी सहमति, विकास कार्यों को फिर दिया महत्व
Betul News: (बैतूल)। महानगरों की तर्ज पर जिला मुख्यालय की नगरपालिका भी आम लोगों की शिकायत के निराकरण के लिए अब मोबाइल एप तैयार करेगी। एप के माध्यम से शिकायतें दर्ज होती है, उनका निराकरण कर दिया जाएगा। सोमवार को बाल मंदिर सभागृह में पीआईसी की बैठक में इस एजेंडें पर स्वीकृति मिल गई है। बैठक में इंदिरा स्कूल और जिला जेल की शेष उपलब्ध भूमि को निकाय के आधिपत्य में लेने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी है। बैठक में कुल 183 एजेंडों पर चर्चा हुई। इसमें अधिकांश एजेंडे शहर से जुड़ी समस्याओं के है। नाली, पेविंग ब्लाक, आरसीसी नाली, डामरीकरण, सामुदायिक भवन, रिटर्निंग वॉल, सीसी रोड आदि का निर्माण किया जाएगा।
बाल मंदिर सभागृह में सोमवार दोहपर 2.30 बजे शुरू हुई बैठक की अध्यक्षता नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने की। बैठक में सीएमओ अक्षत बुंदेला समेत सभापति तरूण ठाकरे, विकास प्रधान, रेणुका यादव, रघुनाथ लोखंडे, कल्पना धोटे, राजेश पानकर, पिंटू परिहार समेत नपा के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कुल 183 एजेंडे रखे थे। बैठक की शुरुआत में सभी सभापतियों ने एजेंडों का वाचन कर बारी-बारी से इस पर अपनी सहमति जताई।
प्रमुख एजेंडों में इंदिरा स्कूल कोठीबाजार और जिला जेल की शेष उपलब्ध जमीन को नगरपालिका द्वारा अपने आधिपत्य में लिए जाने पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही वर्षाकालीन सामग्री के लिए न्यूनतम दर पर स्वीकृति, ह्यूम पाइप, हाफ राउंड आरसीसी नाली के लिए न्यूनतम दर स्वीकृति संबंध, गार्डन चेयर एवं अन्य सामग्री क्रय करने संबंध, कायाकल्प 01 के अंतर्गत पुनरीक्षित स्वीकृति अनुसार अतिरिक्त राशि स्वीकृति संबंध, पूर्व से कार्य पर रखे गए दैवेभो, मानदेय कर्मचारियों की सेवा वृद्धि, साप्ताहिक मस्टर से मासिक मस्टर से दिए जाने संबंधित, विनियमितिकरण उपरांत कर्मचारियों द्वारा श्रेणी सुधार किए जाने, निकाय के अधिवक्ता का मानेदय बढ़ाए जाने और नए अधिवक्ता की नियुक्ति करने पर भी सहमति बन गई।
इन विषयों पर भी बन सहमति
बैठक के दौरान पूर्व की बैठकों में लिए गए कुछ एजेंडों पर स्वीकृति बन गई है। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के अनुसार निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट शुल्क भवन अनुज्ञा पोर्टल के माध्यम से किए जाने संबंधित, शिवाजी, विनोबा और विवेकानंद वार्ड में पोल संबंधी कार्य के लिए राशि स्वीकृति, अमृत योजना के अंतर्गत हरित पार्क के विकास कार्य में वापकोष लिमिटेड द्वारा अन्य अमृत योजना के अंतर्गत कराए गए कामों की पेनाल्टी संबंध, वर्ष 2017 में ठेकेदारों की देयको से वाणिज्य कर दो प्रतिशत की दर से राशि कटौत्रा एवं मद में जमा नहीं करने पर ठेकेदारों से वापस लिए जाने संबंधित, आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य के लिए पूर्व में ली गई स्वीकृति विषय, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वार्षिक दर एवं भुगतान अनुमोदन पर विचार किया गया। इसके अलावा शहर के 33 वार्डों में विभिन्न कार्यों के विषयों पर भी सहमति बन गई।
बैल बाजार बंद होगा, ट्रैफिक सिंग्नल लगाए जाएंगे
पीआईसी की बैठक में कई ऐसे फैसले हुए है जो आम लोगों के हित में कहे जा सकते हैं। सदर में चल रहा बैल बाजार बंद किए जाने पर भी पीआईसी की मोहर लग गई है। वहीं कोठीबाजार बसस्टैंड को शहर के बाहर सोनाघाटी में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में पूर्व में मिले सुझाव के अनुसार बाबू चौक से वाटर एटीएम हटाए जाने और शहर के कुछ स्थानों पर ट्रैफिक सिंग्नल लगाए जाने पर भी सहमति मिल गई। इसके अलावा कायाकल्प 2.0 के प्रस्ताव पर विचार और निर्णय भी लिया गया। गंज मंडी कांप्लेक्स निविदाकार द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर भी निर्णय लिया गया है।




