Betul News: अब हटेगा वार्डों में सडक़ डामरीकरण पर लगा ब्रेक
Betul News: Now the brake on road asphalting in the wards will be removed

बारिश से पहले सभी वार्डों में पूरे होंगे सडक़ों के काम
Betul News: बैतूल। कुछ ही दिनों पहले नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में जर्जर सडक़ों का डामरीकरण कार्य शुरू कराया गया था। लेकिन दो सप्ताह बाद ही अचानक काम रुक जाने से उन वार्डों में निराशा फैल गई थी, जहां के निवासी वर्षों से सडक़ निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे थे।
अब एक बार फिर उम्मीद जगी है, क्योंकि ठेकेदार ने कार्य को पुन: शुरू करने की तैयारी कर ली है। जानकारी के अनुसार अगले एक-दो दिनों में डामरीकरण कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा और बारिश के पूर्व ही सभी सडक़ों को पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।
दर्जन भर वार्डों में बननी है सडक़ें
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के लगभग 22 वार्डो में सडक़ों के डामरीकरण किये जाने के लिए वर्क आर्डर जारी किया गया था। जो सडक़े अत्यंत जर्जर अवस्था मे पहुंच चुकी हैं उन सडक़ों को चिन्हित कर डामरीकरण करवाया जाना है। हालांकि ठेकेदार ने 22 वार्डो में से करीब आधे वार्डों में काम पूरा कर भी लिया है। लेकिन अचानक ब्रेक लगना लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुका था। ठेकेदार आशीष अग्रवाल ने बताया कि, किन्ही कारणों की वजह से डामरीकरण का काम प्रभावित हुआ था लेकिन एक दो दिन में काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। मशीनें तैयार हैं अगले एक दो दिनों में प्लांट शुरू कर तेजी से काम किया जाएगा और बारिश के पहले सभी सडक़े कम्प्लीट कर ली जाएगी।
नागरिकों को कीचड़ गन्दगी से मिलेगी मुक्ति
शहर के वार्डों में लगभग 6 वर्ष पूर्व सडक़ों का डामरीकरण करवाया गया था। समय के साथ साथ स?कें पूरी तरह दम तोड़ चुकी थी। बारिश के समय लोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा होने के कारण लोगों का चलना फिरना तक मुश्किल हो रहा था। हालांकि अब नपा द्वारा ऐसी सडक़े चिन्हित कर डामरीकरण करवाया जा रहा है।लोगों को पूरी उम्मीद है कि, बारिश के पहले उन्हें सडक़ की सौगात निश्चित रूप से मिल जाएगी। और बारिश में होने वाली समस्याओं से भी उन्हें मुक्ति मिल सकेगी।
इनका कहना
मशीने और प्लांट तैयार कर लिया गया है। सडक़ों के डामरीकरण का काम पुन: शुरू किया जा रहा है।
आशीष अग्रवाल, ठेकेदार
जिन वार्डों में सडक़ों का काम बच गया है, अगले एक दो दिनों में शुरू हो जाएगा। बारिश के पहले तक सभी सडक़ों का डामरीकरण पूर्ण कर लेंगे।
नीरज धुर्वे,एई नपा बैतूल




