Betul Samachar : दो घंटे में पुलिस ने पिस्टल सहित युवक को दबोचा
Betul Samachar: In two hours, the police arrested the young man with a pistol

सांझवीर की खबर के बाद एसपी के निर्देश पर सक्रिय हुए कोतवाली टीआई
Betul Samachar : (बैतूल)। शहर में खुलेआम पिस्टल लेकर कार में स्टंट करने वालों की धरपकड़ न होने से आम लोग दहशत में है। शुक्रवार शाम शहर के लिंक रोड स्थित पॉश इलाके में एक युवक अवैध पिस्टल की गोली लगने से खुद घायल हो गया। ताज्जुब की बात है कि उसने अपना इलाज भी करा लिया और घर भी चला गया, लेकिन पुलिस को खबर तक नहीं लगी। जब क्षेत्र के लोगों ने इस बात की जानकारी मीडिया को दी, तब पुलिस जागी। सांझवीर टाईम्स की न्यूज पोर्टल और अखबार में समाचार प्रकाशित होने के दो घंटे बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पिस्टल भी बरामद कर ली है।
कोतवाली टीआई आशीष सिंह ने बताया कि एसपी सिद्धार्थ चौधरी और एएसपी नीरज सोनी के द्वारा दी गई सूचना के बाद लिंक रोड निवासी दीपक पिता सुखदेव गायकवाड़ (20) को हिरासत में लिया गया है। सूचना के आधार पर जब युवक को पकड़ा तो वह अपनी लग्जरी कार में पिस्टल लेकर घूम रहा था। पुलिस ने नेहरू पार्क के पास कार क्रमांक एमपी-48-जेडसी-2709 को रोककर चैक किया तो युवक के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए है। उस पर 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। टीआई ने बताया कि डायनामिक जिम लिंक रोड के पास रहने वाले आरोपी युवक के पैर में गंभीर चोट भी मिली है।
इस संबंध में उसने बताया कि दो दिन पहले अपनी दुकान में इसी पिस्टल से खेलते समय गोली चल गई थी। दाहिने पैर में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि चोट का मेडिकल परीक्षण भी किया जा रहा है। आरोपी से जब्तशुदा कार के दस्तावेजों की भी जांच कर मोटर व्हीकल की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने युवक को सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिसकर्मियों को अभयदान क्यों
पूरे मामले में कोतवाली टीआई की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि शहर में इसी युवक द्वारा 10 दिन पहले भी कार में पिस्टल लहराई गई थी। कोतवाली के ही पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के बाद आसानी से छोड़ दिया गया। इसके बाद यह घटना हुई। इसके बावजूद युवक से पुराने मामले की पूछताछ करना मुनासिब नहीं समझा गया।
शहर में पुलिसकर्मियों द्वारा युवक से लेनदेन की भी चर्चा चल रही है, लेकिन इस मामले में भी टीआई आशीष सिंह पवार कहने से बच रहे है। मीडिया के द्वारा ध्यान दिलाए जाने के बावजूद पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, इसको लेकर वरिष्ठ अधिकारी भी नाराज बताए जा रहे है।




