Body Worn Camera: बैतूल पुलिस को भी मिल सकते है बॉडी वार्न कैमरे
Body Worn Camera: Betul Police can also get body worn cameras

पुलिस कंट्रोल रूम में दिखेगी लाईव रिकार्डिंग
दो वर्ष पुराने मिले चार कैमरों में तकनीकी खामियों के कारण अच्छे से नहीं हो रहा उपयोग
Body Worn Camera: बैतूल। किसी भी घटना स्थल की रिकार्डिंग करने के लिए पुलिस को बॉडी वार्न कैमरे मिल सकते है। यातायात विभाग की तरफ से कैमरों के लिए प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेज दिया है। संभावना है कि जल्द ही पुलिस को यह कैमरे मिलेंगे।
इसके पहले बैतूल ट्रैफिक पुलिस को चार कैमरे मिले थे, जिसका उपयोग किया जा रहा है, लेकिन अब कैमरों की संख्या में और बढ़ोत्तरी होने वाली है। जानकारी के मुताबिक 2022 में पुलिस मुख्यालय में प्र्रदेश के सभी जिलों के लिए बॉडी वार्न कैमरा खरीदने की प्रक्रिया शुरू की थी। जिसमें बैतूल ट्रैफिक पुलिस को बॉडी वार्न कैमरे दिए गए थे, लेकिन इन कैमरों का अच्छे से उपयोग नहीं हो पा रहा है।
बताया जा रहा है कि जो चार बॉडी वार्न कैमरे दिए गए है, उसका बैटरी पिकअप अच्छा नहीं है। इसलिए कैमरों का और अधिक जगह उपयोग नहीं हो पा रहा है, लेकिन अब जिले के टै्रफिक पुलिस को और नए कैमरे मिल सकते है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान होती है रिकार्डिंग
बॉडी वार्न कैमरे पुलिस अपनी वर्दी पर लगाती है। इससे पुलिस कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता होती है। वहीं अपराधियों को पकड़ने में भी कई बार कार्रवाई की रिकार्डिंग और लाईवे फूटेज मिल जाते है। यह कैमरे वॉटरप्रूफ होने के साथ-साथ लाईट विजन के साथ होंगे। यानी रात में भी रिकार्डिंग की जा सकेगी। इसमें कम से कम 8 घंटे की रिकार्डिंग की सुविधा दी गई है। इससे मेमोरी कार्ड के जरिए बढ़ाया भी जा सकता है। यह कैमरे ठंडे और गर्म दोनों मौसम में काम कर सकते है।
2 वर्ष पहले मिले थे चार कैमरे
जानकारी के अनुसार बैतूल टै्रफिक पुलिस को दो वर्ष पहले पुलिस मुख्यालय से चार बाडी वार्न कैमरे मिले थे, जिसका बहुत अधिक उपयोग नहीं हो रहा है। जानकारी के मुताबिक जो चार कैमरे मिले थे, उन कैमरों में पिक्चर क्वालिटी की गुणवत्ता ठीक नहीं है, साथ ही बैटरी की भी समस्या आ रही है। इस तरह से कई प्रकार की दिक्कतें आने से ट्रैफिक पुलिस इन कैमरों का अच्छे से उपयोग नहीं कर पा रही है। अब उम्मीद है कि नए क्वालिटी के कैमरे मिलने पर इसका उपयोग अच्छे से हो पाएगा।
अप्रिय स्थिति में पहुंचेगी फोर्स
जानकारी के अनुसार बॉडी वार्न कैमरे नेटवर्क कैमरे है। यह कैमरे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। कैमरों की होने वाली रिकार्डिंग पुलिस कंट्रोल रूम में लाईव देखी जा सकेगी। अभी कंट्रोल रूम में केवल चौराहा पर लगे कैमरों की रिकार्डिंग हो रही है। आने वाले दिनों में जब पुलिस कैमरे बाडी वार्न कैमरों का उपयोग करेंगे, इसकी रिकार्डिंग पुलिस कंट्रोल रूम में भी दिखेगी। किसी अप्रिय स्थिति होने पर तत्काल पुलिस फोर्स मौके के लिए रवाना किया जा सकेगा।
इनका कहना…
पुलिस मुख्यालय से लगभग 50 बॉडी वार्न कैमरों की डिमांड भेजी है। इसके पहले चार कैमरे ट्रैफिक पुलिस को मिले थे, लेकिन तकनीकी खराबी आने के कारण इसका उपयोग अच्छे से नहीं कर पा रहे है।
गजेन्द्र केेन, यातायात प्रभारी, बैतूल




