Betul News: गंज मंडल अध्यक्ष के लिए नामों की लंबी फेहरिस्त
Betul News: Long list of names for Ganj Mandal President

अब तक आठ नाम सामने आए, विकास मिश्रा को दोबारा मौका मिलने की भी संभावना
Betul News: बैतूल। शहर के दूसरे गंज मंडल अध्यक्ष के लिए भाजपा में रस्साकशी मची हुई है। वर्तमान मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा का कार्यकाल काफी प्रभावशील माना जाता है, इसलिए उनको दोबारा अवसर मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि संगठन किसी नए युवा नेता या जाति विशेष को मौका देता है तो यहां लगभग आठ दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। इस माह के अंत तक यदि दावेदारों की संख्या बढ़ जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहंी होगी।
भाजपा में संगठनात्मक चुनाव के लिए काफी तेजी से काम चल रहा है। वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देकर कनिष्ठों को बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर पर एकजुट होने का आव्हान कर रहे हैं,चूंकि तीन वर्ष बाद संगठनात्मक चुनाव हो रहे हैं, इसलिए विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण हर कार्यकर्ता अपने आप को जिम्मेदारी मिलने के लिए प्रयास कर रहा है। चुनाव के बीच शहर के कोठीबाजार के बाद गंज मंडल जिला मुख्यालय से होने के कारण यहां सबकी नजर टिकी है। चूंकि शहर का दूसरा सबसे प्रमुख मंडल होने के कारण अध्यक्ष बनने के लिए कई युवाओं की महत्वकांक्षा दिखाई दे रही है। पार्टी के ऐसे युवा कार्यकर्ता शहर में पिछले कई वर्षों से सक्रिय दिख रहे हैं। इन्हें मंडल अध्यक्ष बनने के लिए अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
विकास को मौका मिलने की संभावना
वर्तमान गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में सभी मंडल अध्यक्षों में से सक्रिय कहे जा सकते हैं। समाजसेवा से राजनीति में कदम रखने वाले विकास के बारे में कहा जाता है कि कार्यकर्ताओं की अच्छी टीम के साथ सांसद-केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, विधायक हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य शुक्ला के साथ जबरदस्त तालमेल स्थापित कर भाजपा द्वारा दी गई जिम्मेदारी को शिद्दत से निभा रहे हैं। उनकी टीम ने बीते विधानसभा और लोकसभा के अलावा नगरपालिका के चुनाव में गंज के 16 वार्ड में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता दिलाई है। नगरपालिका के चुनाव में भी उनका रिकार्ड अस्सी प्रतिशत रहा है, जबकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी अपने मंडल के वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को खासी लीड दिलाकर दूसरी बार मंडल अध्यक्ष बनने के लिए शीर्ष नेताओं की मोहर लगा ली है।
इन नामों पर भी भाजपा को करना होगा मंथन
भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि कोठीबाजार की तरह यदि गंज मंडल मेेंं भी दोबारा अध्यक्ष रिपीट नहीं करने पर सहमति बनी और नए को अवसर देने की बात सामने आई तो लगभग सात अन्य दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख दावेदार जवाहर वार्ड के पार्षद विकास प्रधान का है। आदिवासी वर्ग का नेतृत्व करने के अलावा वे भाजपा के हर नेता की गुड बुक में शामिल हैं। तेज तर्रार होने के कारण उनका दावा विकास के बाद सबसे बाद मजबूत माना जा रहा है। दूसरा नाम पटेल वार्ड के पूर्व पार्षद पवन यादव का सामने आया है। हालांकि उन्होंने दावेदारी नहीं की, लेकिन पार्टी में काफी सक्रिय रहने के अलावा दी गई जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वाहण करने के कारण उनकी दावेदारी भी काफी वजन रखती है।
तीसरे दावेदार नपा अध्यक्ष पार्वती पुत्र और पूर्व पार्षद गीतेश बारस्कर का है। उनकी दावेदारी में उम्र आड़े आ सकती है, लेकिन पार्टी ने उम्र का बंधन बढ़ाया तो वे भी कुंबी समाज के होने के कारण उनकी दावेदारी गंभीर मानी जा रही है। इसी समाज के और कांग्रेस से भाजपा में आए युवा नेता मुन्ना मानकर ने अल्प समय में भाजपा में अपनी छाप छोड़ी है। उन्हें यदि पार्टी मौका दे तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी, लेकिन पार्टी में होने के कारण उनके मानोनयन पर संशय हो सकता है।
एक अन्य दावेदार लंबे समय से शहर में भाजपा का झंडा थामने वाले आशीष साहू का सामने आ रहा है। उनके पिता राजेंद्र साहू की पारिवारिक पृष्टभूमि और साहू समाज को महत्व देने पर आशीष साहू को पार्टी गंज मंडल अध्यक्ष बना सकती है। इसी समाज के सदर निवासी लोकेश साहू बजरंग दल से जुड़े हैं। युवाओं की अच्छी टीम होने का लाभ उन्हें पार्टी दे सकती है।




