Betul News: सीमेंट रोड पर व्यवस्था बनाने बैठक में पहुंचे चार व्यापारी
Betul News: Four traders arrived at the meeting to make arrangements on the cement road

पाइप लगाकर बंद होगा मार्ग, चौपहिया वाहन प्रतिबंधित, सड़क की नपाई के बाद अतिक्रमण भी हटाएंगे
Betul News: बैतूल। सीमेंट रोड पर बेतरतीब यातायात व्यवस्था को सुधारने यहां के व्यापारी ही विलेन की भूमिका अदा कर रहे हैं। अपने व्यापार और फायदा देखकर खुद सामने तक अतिक्रमण कर रहे हैं। ऊपर से नगरपालिका द्वारा व्यवस्था बनाए जाने के लिए बुलाई गई बैठक में नहीं पहुंचकर अपनी तथाकथित राजनीति को बताने से बाज नहीं आ रहे हैं। नगरपालिका ने मंगलवार दूसरी बार यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बुलाई बैठक में महज पांच व्यापारी ही पहुंचे, जबकि रजिस्टर पर 70 से अधिक व्यापारियों ने हस्ताक्षर किए।
हालांकि व्यापारियों के न आने को नजरअंदाज कर नपा ने यातायात विभाग के साथ बैठकर कर निर्णय लिया है कि अब पूर्व की तरह दोनों ओर सीमेंट रोड पर बेरीकेटिंग कर पाइप लगाएं जाएंगे। यहां से केवल दोपहिया वाहन ही निकलेंगे। इसके अलावा जिन व्यापारियों ने सामने तक अतिक्रमण किए हैं, उनकी नपाई कर जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। सीमेंट रोड की बिगड़ैल व्यवस्था पर सांझवीर टाईम्स खुद निगरानी करेगा। यदि नपा नियमों का पालन नहीं कराती है तो मामला लोक उपयोगिता अदालत में भी ले जाया जाएगा।
व्यापारी ही यातायात में बाधा बने
सीमेंट रोड पर आए दिनों व्यवस्था बिगड़ने के जिम्मेदार खुद व्यापारी ही है। इसकी बानगी कई बार देखने को मिल चुकी है। दरअसल एक सप्ताह पहले भी नगरपालिका ने यातायात व्यवस्था को माकुल करने के लिए बैठक बुलाई थी, लेकिन एक भी व्यापारी नहीं पहुंचे। उसके बाद 13 मई मंगलवार को दोबारा बैठक बुलाई गई। इसमें गिनती के 4 व्यापारी मोईज भाई कुतुबी डिपार्टमेंट, गुन्ना मिश्रा, शबीर भाई और विनोद पवार शामिल हुए। जबकि सीमेंट रोड पर कमानी गेट तक दोनों ओर छोटे और बड़े व्यापारी मिलाकर 70 लोग व्यापार कर रहे हैं। उन्हें न तो नपा और न ही जिला प्रशासन के किसी अधिकारी का डर है। यही वजह है कि 75 में से 4 व्यापारी पहुंचकर प्रशासन के आदेश को ही ठेंगा बता चुके हैं।
बेरीकेडिंग लगाकर विकल्प की तलाश
नगरपालिका में मंगलवार को आहूत बैठक में यातायात विभाग के साथ चार व्यापारियों की बैठक औपचारिक निपट गई। इस दौरान व्यापारियों ने भी अपने तर्क दिए। इसके बाद सीमेंट रोड पर पूर्व की तरह दोनों ओर पोल लगाकर बेरिकेडिंग करने का निर्णय लिया गया है। यहां पर केवल दोपहिया वाहन ही अंदर प्रवेश करेंगे। चौपहिया वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बैठक में राजस्व प्रभारी सुभाष प्रजापति ने बताया कि बेरीकेडिंग के बाद सीमेंट रोड पर व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी रोड नपाई के बाद हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना…
70 से अधिक व्यापारियों में से महज 4 का बैठक में पहुंचना चिंता का विषय है। वैवाहिक सीजन होने के कारण सभी व्यस्त है, लेकिन अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग से चर्चा कर हम कार्रवाई शुरू करेंगे। हम इसके बाद स्थाई अतिक्रमण हटाने परिषद में प्रस्ताव भी लाएंगे।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




