Betul Samachar: खेल दिवस पर बाल सभा के आयोजन का आदेश हवा में उड़ा
Betul Samachar: Order to organize Children's Sabha on Sports Day blown in the air

पूरे जिले की पंचायतों में इक्का-दुक्का आयोजन कर इतिश्री की, सांझवीर ने याद दिलाई नई तिथि की होगी घोषणा
Betul Samachar: बैतूल। बाल अनुकूल पंचायत निर्मित किए जाने के उद्देश्य से जारी किए गए आदेश ग्राम पंचायतों में हवा हवाई कर दिए गए। शसासन के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 29 अगस्त को बाल सभा का आयोजन किया जाना था। गांव में रहने वाले बच्चों को बुलाकर उनमें खेल भावना जाग्रत करने के साथ पोषण और स्वास्थ्य संबंदी जानकारी सांझा की जानी थी, लेकिन जिले की किसी भी ग्राम पंचायत में ना बच्चों को बुलाया गया और ना ही बाल सभा का आयोजन किए जाने की सूचना दी। जिला पंचायत सीईओ के निर्देशों को सरपंच और सचिवों ने हवा में उड़ा दिया। मामले में जब सांझवीर टाईम्स ने अधिकारियों से सवाल किया तो आनन-फानन में अब आगामी तारीखों में सभी ग्राम पंचायतों में बाल सभा का आयोजन किए जाने की बात कही जा रही है।
पोषण, स्वास्थ्य और खेल के प्रति बच्चों को करना है जागरूक
दरअसल शासन स्तर पर ग्राम पंचायतों में निवास करने वाले स्कूली बच्चों को जागरूक किये जाने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 10 से 18 वर्ष के बालक-बालिकाओं की बाल सभा का आयोजन 29 अगस्त को किया जाना था। सभा मे बच्चों से पोषण, स्वास्थ्य एवं खेलकूद के विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुये उनमें जागरूकता एवं समझ विकसित करने के प्रयास किए जाने के निर्देश दिए गए थे, ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर स्थित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे खेलों को बढ़ावा देने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें, लेकिन जिले की किसी भी ग्राम पंचायत में शाषन के इस आदेश का पालन नहीं किया गया।
क्षेत्र के प्रसिद्ध खिलाड़ियों का भी लिया जाना था योगदान
ग्रसम पंचायत स्तर पर इस आदेश की किस तरह धज्जियां उड़ाई गई यह तब सामने आया जब किसी भी ग्राम पंचायत से बाल सभा के आयोजन संबंदी कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, जबकि बाल सभा आयोजन और निर्धारण को लेकर नोडल अधीकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश जारी किए गए थे। जिन्हें बाल सभा के दौरान क्षेत्र के किसी भी प्रसिद्ध खिलाड़ी को आमंत्रित भी करना था। जो बच्चों से खेलों को लेकर चर्चा करते हुए उनमें खेल भावना जाग्रत करने में सहायक बनते। इसके बाद बच्चों में भी खेल के प्रति रुचि बढ़ती।लेकिन शाषन के आदेश रद्दी की टोकरी में डाल दिये गए और बाल सभा का आयोजन नहीं किया जा सका।
ना कराई मुनादी ना किया प्रचार प्रसार
आयोजन के लिए नोडल अधिकारी ग्राम पंचायत सरपंचों एवं सचिवों सहित रोजगार सहायकों को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गयी थी, लेकिन बाल सभा का आयोजन करना तो दूर जिम्मेदारियों तक से पल्ला झाड़ लिया गया । जारी आदेश में ग्राम पंचायत सचिव-ग्राम रोजगार सहायकों को बाल सभाओं के आयोजन हेतु ग्राम पंचायत के समस्त ग्रामों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मुनादी कराई जाकर बाल सभा का आयोजन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन किसी भी ग्राम पंचायत में इस तरह की कोई गतिविधि ही नजर नहीं आई ।
इसके अलावा बाल सभा आयोजन की वीडियोग्राफी और मोबाईल रिकार्डिंग कर आयोजन की जानकारी पंचायत दर्पण पोर्टल पर अपलोड़ किया जाना था। लेकिन बाल सभा के आयोजन को लेकर सभी ग्राम पंचायतों में गम्भीर लापरवाही बरती गई। अब अधिकारी बाल सभा के आयोजन आगामी तारीखों में कराये जाने का भरोसा दे रहे हैं।
इनका कहना……
शासन से बहुत ही शॉर्ट नोटिस पर निर्देश जारी किए गए थे। हालांकि कुछ पंचायतों में बाल सभा का आयोजन किया गया है। आगामी दिवसों में तारीख सुनिश्चित कर ग्राम सभाओं में बाल सभाओं के आयोजन किये जायेंगे।
अक्षत जैन, सीईओ जिला पंचायत बैतूल,





