Today Betul News: पूरी रात घूमे कलेक्टर-एसपी, 11 डम्पर और 25 लाख मूल्य की रेत जब्त
Today Betul News: Collector-SP roamed all night, seized 11 dumpers and sand worth Rs 25 lakh

कलेक्टर की एक पखवाड़े में दूसरी कार्रवाई के बाद माफियाओं हौंसले पस्त, फिर भी कई डम्पर सूचना मिलने पर गायब हुए
Today Betul News: बैतूल। अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर सख्त कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झारिया की कार्यवाही एक बार फिर तब सुर्खियों में है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुख्ता सूचना पर दल-बल के साथ कलेक्टर सूर्यवंशी ने एक बार फिर शाहपुर-चोपना और खैरवानी क्षेत्र में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि कलेक्टर के सर्च करने की सूचना एक बार फिर रेत माफियाओं तक पहुंच गई और कार्यवाही होती, इसके पहले ही मौके पर खड़े डंपर चालकों में भगदड़ मच गई।
हड़बड़ाहट के बीच जिसे जहां जगह मिली, वहीं रेत खाली कर डंपर चालक फरार होने में कामयाब हो गए। जानकारी के अनुसार कलेक्टर पूरी रात क्षेत्र में घूमकर सर्चिंग करते रहे, लेकिन जगह जगह डंप की हुई रेत के अलावा एक भी डंपर हाथ नहीं आ पाया है। बुधवार सुबह खनिज विभाग की टीम फिर सर्चिंग शुरू की है। इस कार्रवाई के दौरान करीब रेत के 11 डम्पर बरामद हुए है, हालांकि कई डम्पर रेत खाली कर भागने में सफल भी हो गए। कलेक्टर के मुताबिक 25 लाख कीमत की 3 हजार घन फीट रेत जब्त की है। कलेक्टर और एसपी की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में जबरदस्त ह़ड़कंप मचा हुआ है।

ढाबों के सामने लगे रेत के ढेर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झारिया रात करीब 9.30 बजे राजस्व अमले और शाहपुर, सारनी, बीजादेही के पुलिस बल के साथ जिला मुख्यालय से रेत शाहपुर क्षेत्र स्थित रेत खदानों की ओर रवाना हुए थे, लेकिन जब तक कलेक्टर इलाके में पहुंच पाते उससे पहले ही रेत माफियाओं तक यह खबर पहुंच गई। कलेक्टर के आने की खबर मिलते ही रेत माफियाओं ने एक-दूसरे को मैसेज कर डंपर खाली करना शुरू कर दिया। मैसेज मिलते ही डंपर चालकों ने जहां जगह मिली वहीं रेत खाली कर दौड़ लगा दी। बताया जा रहा है कि सर्चिंग के दौरान जगह-जगह रेत के ढेर पड़े हुए नजर आए।
जानकारी मिली है कि हाइवे के अधिकांश ढाबों के सामने रेत के ढेर पड़े हुए हैं। इसके बाद कलेक्टर ने चोपना, खैरवानी भी पहुंचे। यहां से कलेक्टर ने करीब 11 डम्पर सहित हजारों घनमीटर रेत जब्त करने की कार्यवाही की है। दर्जनों डम्पर रेत खाली करने के बाद भागने में भी सफल हुए। कई डम्परों को छिपा भी दिया। इधर सुबह 6 बजे तक कलेक्टर और एसपी अपनी मौजूदगी में खनन माफियाओं पर कार्रवाई करवाते रहे। इस दौरान 3 हजार घन फीट रेत जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश पर सुबह उप संचालक खनिज मनीष पालेवार एक बार फिर सर्चिंग के लिए अपनी टीम के साथ पहुंचे हैं। समाचार लिखे जाने तक खनिज विभाग के उपसंचालक कार्रवाई में जुटे है।
कलेक्टर-एसपी ने रात भर पलक भी नहीं झपकाई
अवैध माफियाओं के खिलाफ शिंकजा कसने के लिए दो दिन पहले ही नर्मदापुरम कमिश्रर ने अधीनस्थ जिलों के कलेक्टर, एसपी को निर्देश दिए थे। इसी के बाद बैतूल के कलेक्टर और एसपी ने पिछली बार सूचना लीक होने के बाद काफी गोपनीय कार्रवाई की। किसी को भी यह नहीं बताया गया कि किस जगह कार्रवाई के लिए जाना है। रात 9.30 बजे कलेक्टर और एसपी एक ही वाहन में शाहपुर की ओर रवाना हुए। राजस्व अमला और खनिज विभाग की टीम साथ हुई, इसके बाद चोपना और खैरवानी के आसपास बड़े पैमाने पर चल रहे खनन को अपनी आंखों से देखा। कलेक्टर एसपी की मौजूदगी में 11 डम्पर जब्त किए गए है।
कई डम्पर रेत खाली करके भागे, इनकी भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान कलेक्टर और एसपी रात 9.30 से सुबह 6 बजे तक पलक भी नहीं झपकाएं। कार्रवाई पूरी होने के बाद बैतूल आकर कुछ घंटे नींद पूरी की। कलेक्टर और एसपी की जोड़ी द्वारा कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप निर्मित हुई।
रेत माफिया छोटू का नाम आ रहा सामने
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चोपना क्षेत्र में रेत माफिया किसी छोटू का नाम इस पूरे खेल में प्रमुखता से सामने आ रहा है। कलेक्टर की पहली कार्यवाही के बाद एक बार फिर सूचनाएं मिल रही थी कि क्षेत्र में रेत माफियाओं ने अपने पांव पसारने शुरू कर दिये हैं। यही वजह है कि कलेक्टर और एसपी मंगलवार की रात फिर सर्चिंग की बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों ने शाहपुर, भौरा और खैरवानी क्षेत्र में सर्च के बाद चोपना की तरफ रुख किया। जानकारी मिली है कि कलेक्टर ने इस क्षेत्र से करीब 11 डम्पर सहित हजारों घनमीटर रेत की जब्ती बनाई है। जिसके बाद रेत माफियाओं में हड़कम्प मचा हुआ है। अब इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया छोटू की कुंडली तैयार की जा रही है। कलेक्टर के रूख के बाद इस माफिया पर भी कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी है।
इनका कहना…
सूचना के आधार पर एसपी और टीम को लेकर चोपना, खैरवानी क्षेत्र में सुबह 6 बजे तक रेत माफियाओं पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 11 डम्पर और 25 लाख बाजार कीमत की रेत बरामद की है। रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर, बैतूल





