Betul Me Bomb Video : कबाड़ खाने में मिले मिसाइल लांचर बमों के खोल, 1जिंदा बम भी बरामद
एयरफोर्स आमला और बम निरोधक दस्ता नर्मदापुरम कर रहा जांच

Betul Me Bomb Video : बैतूल। आगामी स्वतंत्रता दिवस और 12 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बैतूल दौरे के ठीक पहले ख़ंजनपुर क्षेत्र के शिवाजी वार्ड में बमों के खोल औऱ एक बम के जिंदा होने के संभावना के बाद सनसनी का माहौल निर्मित हो गया। मामला सम्वेदन शील होने की वजह से एएसपी कमला जोशी भी मौके पर पहुंच गई थीं। सूचना के आधार पर जब कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी के कबाड़ खाने पर छापा मारा तो पुलिस को तीन बोरी में रखे हुए बमों के 15 खोल मिले। इसमें एक बम जिंदा बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर इसकी सूचना आमला एयर फोर्स और बम निरोधक दस्ते नर्मदापुरम को दी गयी है। पुलिस के मुताबिक दोनों ही संस्थानों के अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे। एक बम के जिंदा होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को भी खाली कराया है।
तीन बोरियों में भरे थे खोल, तलाशी में ज्यादा हो सकती है संख्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने लगभग 12,30 बजे ख़ंजनपुर स्तिथ नईम कबाड़ी के ठिकाने पर पहुंचकर तलाशी लेना शुरू कर दिया था। यहाँ पुलिस को तीन बोरियों में रखे बमों के खोल मिले थे। जब सावधानी के साथ बोरियों को खोला गया तो बोरी में एक बम जिंदा होने की संभावना सामने आई है। इसके बाद एहतियात के तौर पर कबाड़ खाने के आसपास के इलाके को पुलिस ने खाली कराने के निर्देश दिए। जानकारी मिली है कि पुलिस ने कबाड़ी आतिफ पिता नईम कुरैशी को हिरासत में लिया है जिससे पूछ ताछ की जा रही है।
मिसाइल लांचर बम होने की संभावना
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसारआमतौर पर सेना में इस्तेमाल होने वाले बमो की श्रेणी हाथों से चलाया जाने वाला हैण्ड ग्रेनेड काफी चर्चित है। लेकिन संभावना जताई जा रही है कि कबाड़ी के यहां से मिले बमों के खोल करीब आधे से एक फिट के हैं। इनका आकार ठीक वैसा ही है जैसा बड़ी मिसाइलों का होता है। जिस तरह से बड़ी मिसाइलें दागने के लिए लॉन्चर का उपयोग किया जाता है ठीक उसी तरह इन बमों को भी दागने के लिए छोटे आकार के लॉन्चर पेड का उपयोग किया जाता है। हालांकि पूरी स्थिति तब ही साफ हो पाएगी जब एयर फोर्स आमला और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके का निरीक्षण कर बमों के खोलों की जांच करेगी।
बिना देखे युवकों से खरीद ली लोहे से भरी बोरियां
इस पूरे मामले में कबाड़ संचालक का शंकास्पद बयान सामने आया है। कबाड़ी नईम कुरेशी का कहना है कि 2-3 दिन पहले इंदिरा कालोनी में रहने वाले वसीम और शाहरुख नाम के दो युवक तीनो बोरियां लेकर आये थे। उन्होंने बोरी सहित लोहा तौल तो लिया लेकिन बोरियां खोलकर नहीं देखी की इसमें क्या रखा हुआ है। आज जब कोतवाली पुलिस आई और बोरियां खोली तब हमें पता चला की बोरियों में बमों के खोल भरे हुए हैं।
कबाड़ी तक कैसे पहुंचा जिंदा बम, जिले के कबाड़ी रडार पर
इस मामले का सबसे सम्वेदन शील पहलू ये है कि बमों के खोल के साथ एक जिंदा बम कबाड़ी की दुकान पर आखिर कैसे पहुंच गया। घटना की गम्भीरता को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी कबाड़ी अब पुलिस की रडार पर आ गए हैं। एसपी निश्चल झारिया के।मुताबिक जिले के सभी थानों और चौकियों पर पदस्थ अधिकारियों को एलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उनके थाना क्षेत्र में संचालित सभी कबाड़ खानों कि सुक्ष्मता से जांच कर तलाशी ली जाये। सभी जगहों पर सर्चिंग भी की जा रही है। जो भी है लेकिन कबाड़ खाने में जिंदा बम और खोल मिलने की घटना की गहराई से जांच किये जाने की जरूरत है।
इनका कहना
कबाड़ी के यहां से बमों के खोल मिले है। इसमें एक बम के जिंदा होने की संभावना है। बम निरोधक दस्ते और एयर फोर्स आमला को सूचना दी गयी है। जिले के सभी कबाड़ियों के ठिकानों की जाँच की जा रही है।
निश्चल एन झारिया, एसपी बैतूल




