Betul Samachar: पार्क की भूमि नजूल रिकार्ड से गायब, शिकायत की तो मिल रही धमकियां
Betul Samachar: Park land missing from Nazul records, getting threats if complaint is made

आकाशवाणी के बाजू में नियमों को ताक पर रखकर कालोनाइजर ने दिखाई दबंगई, शिकायत के बावजूद मामला लंबित
Betul Samachar: बैतूल। आकाशवाणी के ठीक बगल में स्थिति ग्रीनपार्क कालोनी के रहवासियों की समस्या का समाधान ना होने से कालोनीवासी पिछले लंबे समय से परेशान हैं। इन लोगों का आरोप है कि कॉलोनाइजर ने जिस जमीन पर पार्क बनाया जाना था उसे भी विक्रय कर दिया है। नजूल रिकार्ड से पार्क की भूमि गायब है, इसकी जगह विक्रेता का नाम दर्ज कर लिया गया है। विडम्बना यह है कि न्याय की आस में जन सुनवाई के चक्कर लगाते लगाते कालोनीवासियों की चप्पलें तक घिस गई, लेकिन मौके पर पहुंचकर किसी अधिकारी ने निरीक्षण तक करना मुनासिब नहीं समझा। ऐसे में लोगों को त्वरित न्याय दिलवाने की मंशा पाले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की कर्तव्यपरायणता पर भी अधिकारी बट्टा लगा रहे हैं। इस मामले में जानकारी सामने आई है कि कालोनी में प्लाट बेचने वाले एक कालोनाइजर की मुख्य भूमिका है। दूसरे के नाम प्लाट हस्तांतरित करने के बाद अपना पल्ला झाड़ने का प्रयास किया है, लेकिन प्रशासन की जांच होती है तो प्लाट बेचने वाला कालोनाइजर पर भी शिकंजा कस सकता है।
आपत्ति ली तो मिलने लगी धमकियां, कार्यवाही भी शून्य
ग्रीन पार्क कालोनी के समस्त निवासियों का आरोप है कि इस समस्या के समाधान के लिए लगभग 4 बार जनसुनवाई में आवेदन दे चुके हैं, लेकिन आज भी जनसुनवाई के रिकार्ड में यह मामला पेंडिंग बताया जा रहा है। इनका कहना है कि शिवाजी वार्ड कोठी बाजार मे स्थित नजूल शीट नं. 13 प्लाट कं. 8/1, एवं 8/3 की भूमि पर विके्रतागण द्वारा कालोनी का स्वीकृत लेआउट अनुसार प्लाट विक्रय किए गए थे। स्वीकृत लेआउट में कालोनी के रहवासियों के लिए पार्क के लिए जमीन भी रिक्त छोड़ी गई थी, लेकिन नजूल अभिलेख मे रिक्त भूमि पर किसी विक्रेता का नाम दर्ज है। विक्रेतागण अपने एंजेट के माध्यम से रिक्त ग्रीन भूमि के प्लाट अन्य लोगों को दिखाकर विक्रय करने का लगातार प्रयास कर रहा है। कालोनी के रहवासियों द्वारा कई बार इस पर आपत्ति भी ली तो उन्हें धमकाया जा रहा है और कहते हैं कि रिक्त भूमि हमारे स्वामित्व की है।
प्लाट लेते समय दिखाया था सब्जबाग
बताया जा रहा है कि कालोनाइजर द्वारा लोगों को प्लाट बेचते समय जानकारी दी थी कि लेआउट में उक्त भूमि ग्रीन पार्क के लिए छोड़ी गई है। इसके बावजूद विक्रेतागण एवं उनका एंजेंट ग्रीन पार्क की भूमि को बेच रहे हैं । शिकायकर्ताओं के मुताबिक इस संबंध में भी पूर्व में भी शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इसी का फायदा उठा कर पार्क की भूमि का विक्रय करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। अभी वर्तमान में कुछ समय पूर्व विक्रेतागण के एंजेट द्वारा ग्रीन भूमि पर तार फेंसिग भी कर ली गई है। कालोनी वासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले की मौका जांच कराकर रिक्त ग्रीन पार्क वाली भूमि पर से फेंसिंग खुलवाई जाए एवं उसे नजूल अभिलेख मे दर्ज विक्रेतागण के नाम की जगह ग्रीन पार्क भूमि दर्ज की जाए।
इनका कहना……
मेरे संज्ञान में शिकायत आई है। आज ही मौका निरीक्षण किया जाएगा और वस्तुस्थिति देखने के बाद कार्यवाही करेंगे
राजीव कहार, एसडीएम बैतूल





