Ward Parikrama: विनोबा वार्ड में नाली, सड़क की समस्या

वार्डवासियों ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया
Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 31 में सड़क, नाली और पेयजल की समस्याएं अब भी पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी हैं। सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान वार्डवासियों से चर्चा की गई, जिसमें क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। जहां कुछ रहवासियों ने विकास कार्यों पर संतोष जताया, वहीं कई लोगों ने अधूरी सुविधाओं को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की।
वार्डवासियों का कहना है कि पिछले एक-दो वर्षों में क्षेत्र की कुछ प्रमुख सड़कों का निर्माण होने से आवागमन की समस्या में काफी राहत मिली है। कई स्थानों पर नालियों का निर्माण भी कराया गया है, जिससे जल निकासी व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर हुई है। इन कार्यों के लिए लोगों ने पार्षद के प्रयासों की सराहना की है।
हालांकि वार्ड के कुछ हिस्सों में अब भी सड़क और नाली निर्माण नहीं हो पाया है। विशेष रूप से पार्षद निवास के पीछे स्थित गली में सड़क और नाली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बरसात के दिनों में यहां कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि वार्ड में पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। कई क्षेत्रों में निर्धारित समय पर पानी नहीं पहुंचता, जबकि वर्तमान में मटमैला और गंदा पानी आने की शिकायत भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि दूषित पानी से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए इस दिशा में तत्काल सुधार की आवश्यकता है।
वार्ड क्रमांक 31 से भाजपा की शीला पिंटू महाले पार्षद हैं। रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र की किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर पार्षद तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेती हैं और समाधान के प्रयास करती हैं। इसके बावजूद वार्ड के कुछ हिस्सों में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है, जिसे दूर करने की मांग लगातार उठ रही है। वार्डवासियों ने नगर पालिका से अधूरे सड़क और नाली निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड के भीतर सड़क और नाली का निर्माण होने से समस्या का समाधान हो गया है। जब भी वार्ड पार्षद कोई शिकायत बताते है तो वे मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करती है। वार्ड पार्षद ने अब तक के कार्यकाल में अच्छा काम किया है।
दिवाकर वागद्रे, वार्डवासी

वार्ड के भीतर कोई बड़ी समस्या नहीं है, सड़कें भी अच्छी है। पानी की थोड़ी समस्या जरूर बनी है। वार्ड पार्षद अच्छा काम कर रही है। वार्ड में पहले सड़क, नाली की समस्या थी अब इसका समाधान हो चुका है।
कुणाल जोशी, वार्डवासी

वार्ड में घर के सामने दो वर्षो से नाली खोदकर रखी है। अभी तक नाली का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। नाली नहीं बनने से गंदगी पसरी है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। नाली के अलावा सड़क का निर्माण नहीं हुआ। वार्ड पार्षद से समस्या बताई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
पवन सोनी, वार्डवासी

वार्ड में सड़क, नाली की समस्या बनी है। सड़क नहीं बनने से आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाली निर्माण के लिए भी वार्ड पार्षद से कई बार गुहार लगाई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ। अभी बारिश के समय सबसे ज्यादा परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
रेखा साहू, वार्डवासी
वार्ड में पांच सड़कों और 10 नालियों का हुआ निर्माण:पार्षद
एक दो वर्ष के भीतर वार्ड में 5 सड़कों और लगभग 10 स्थानों पर छोटी-बड़ी नालियों का निर्माण कार्य हुआ है। अभी 93 लाख की लागत से वार्ड में सड़कों का डामरीकरण और सीसी रोड बनना है। दीपावली तक वार्ड की सभी छोटी, बड़ी सड़कें का डामरीकरण कर दिया जाएगा। वार्ड के भीतर जो भी छोटी-मोटी समस्या होगी उसका तत्काल समाधान किया जाएगा। अभी सड़क और नाली निर्माण के लिए टेंडर हो चुके है। बारिश के बाद जल्द काम शुरू करेंगे।
शीला पिंटू महाले, पार्षद, विनोबा वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




