Betul Mahashivratri News: जिले में शिवरात्रि की धूम, भोपाली में 60 हजार श्रध्दालुओं ने मत्था टेका, मेले का विहंगम दृश्य कैसे कैद हुआ देखें वीडियो में….
Betul Mahashivratri News: Shivratri celebrated in the district, 60 thousand devotees paid obeisance in Bhopali, see how the panoramic view of the

कड़ी सुरक्षा के बीच शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भोपाली और सालबर्डी में भीड़ का सैलाब…
Betul Mahashivratri News: (बैतूल)। देवों के देव महादेव का पावन पर्व महाशिवरात्रि के मौके पर शुक्रवार को पूरे जिले में शिव मंदिरों में जलाभिषेक के साथ पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का की भीड़ उमड़ गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी बड़े मंदिरों में व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। शिवरात्रि पर पूजा अर्चना करने का सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। ओम नम: शिवाय…हर-हर महादेव…बोल बम..जैसे उद्घोषों के साथ शिवालय गूंज उठे। महाशिवरात्रि पर्व पर जगह-जगह सुबह से ही भोले बाबा की आराधना का सिलसिला शुरु हो गया था। शिव धामों पर लगने वाले मेलों तक पहुंचने के लिए जिले भर से श्रद्धालु दो दिन पहले ही अपने साधनों से रवाना होने लगे थे। शिवरात्रि पर्व पर जिले के शिवधाम छोटा महादेव, शिव गुफा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर भैंसदेही, सोनाघाटी, खेड़लाकिला, जटा शंकर, सालबर्डी सहित कई जगह शिव मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है।
मेलों-मंदिरों में चाक चौबंद व्यवस्था
सालबर्डी एवं भोपाली के अलावा जिले में लगे अन्य मेलों को लेकर प्रशासन अलर्ट है। पुलिस, राजस्व एवं अन्य विभागों का मैदानी अमला तैनात था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश की सीमा पर बसे सालबर्डी में पुख्ता इंतजाम किए गए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। पानी, वाहन पार्किंग की व्यवस्थाएं भी मेले में उपयुक्त स्थानों पर की गई है। जिला मुख्यालय से सटे सोनाघाटी शिवमंदिर में शिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ न लगे जिसको लेकर पुलिस जवानों को तैनात किया था।
यहां देखें वीडियो…
(फ़ोटो- वीडियो- अंकित यादव, बगडोना)
सुबह से ही शिवालयों में लगा श्रद्धालुओं का तांता
महाशिवरात्रि के मौके पर शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। जिला मुख्यालय पर भी लल्ली चौक स्थित शिव मंदिर, सदर शिव मंदिर, खंजनपुर स्थित नागदेव मंदिर, कोतवाली के सामने स्थित शिव मंदिर, शनि मंदिर गंज, कॉलेज चौक शिव मंदिर, गंज पेट्रोल पम्प के पास स्थित माता मंदिर सहित अन्य स्थानों पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचे। मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ का अभिषेक एवं पूजा अर्चना करने से भक्तों के कष्ट दूर हो जाते है।
जगह-जगह भंडारों का आयोजन
जिले भर में शुक्रवार ग्राम एवं शहर में सैकड़ों स्थानों पर भंडारे आयोजित किए गए। कमानी गेट के पास शिवम सेवा समिति बैतूल के तत्वावधान में हर वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भोपाली आने-जाने वाले श्रद्धालुओं प्रसादी ग्रहण करते है। तीन दिनों तक यह भंडारा आयोजित किया जाता है। कल 9 को भंडारे का समापन होगा। अनुराग टेंट सप्लायर्स के संचालक राजू पवार द्वारा भी महाशिवरात्रि के अवसर पर चक्कर रोड स्थित निवास पर भंडारे का आयोजन किया गया जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कॉलेज चौक स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार दूसरे दिन भी भंडारा जारी रहा। जिला चिकित्सालय के सामने, कॉलेज चौक शिव मंदिर में भी भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह शहर में सुबह से शाम तक भंडारे चलते रहे।
सोनाघाटी, सालबर्डी और भोपाली में लगे विशाल मेले
शिवरात्रि के मौके पर जिले के सिद्ध क्षेत्र सालबर्डी, छोटा महादेव, गुफा मंदिर खेड़ला किला, जटाशंकर में बड़े-छोटे मेले आयोजित किए गए। मेलों में जाने के लिए श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिन पहले से श्रद्धालु बैलगाड़ियों, ट्रेक्टर ट्रालियों से भोपाली, सालबर्डी और पचमढ़ी के लिए रवाना हो रहे थे। मेलों में पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। कहीं एक तो कहीं तीन दिनों तक मेलों की धूम रहेगी। भोपाली एवं सालबर्डी में श्रद्धालु लम्बी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार घंटो तक करते नजर आए। महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव की आराधना करना शुभ माना जाता है। इस दिन भगवान शिव अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं। शिवरात्रि पर भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक और बेल पत्र, धतुरा सहित अन्य पूजा सामग्री से पूजा अर्चना की। कई जगह शिव मंदिरों में शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया।
भोपाली एलईडी के माध्यम से किए शिव दर्शन
शवरात्रि पर्व पर भोपाल छोटा महादेव मेले में इस बार श्रद्धालुओं को गुफा में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। इसलिए श्रद्धालुओं ने गुफा के बाहर ही एलईडी टीवी पर भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा अर्चना की गई। यहां दर्शन के लिए तीन एलईडी टीवी लगाई गई थी। पहाड़ी दरकने के कारण इस बार किसी भी श्रद्धालु को प्राकृतिक गुफा के भीतर नहीं जाने दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी पूरे समय तैनात रहे। मेले में गुरूवार से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। शुक्रवार महाशिवरात्रि के दिन भोपाली मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ गई।





