Betul News: डेम की क्षतिग्रस्त वॉल सुधारने और ठेकेदार को नोटिस
Betul News: Notice to the contractor to repair the damaged dam wall

मामला डेम में पोकलेन से गहरीकरण का, सांझवीर की खबर के बाद हरकत में आई नपा
Betul News: बैतूल। विवेकानंद वार्ड के माचना डेम में पिछले वर्ष ही बनाई गई डेम की वॉल पहली बारिश में ही ढह गई। इसकी मरम्मत के बजाय साल भर नगरपालिका चैन की बांसूरी बजाते रही और जब धनोरा के पास पाईप क्षतिग्रस्त हुई तो पानी का कोई विकल्प न बचने के बाद डेम का गहरीकरण किया जा रहा है। सांझवीर टाईम्स ने 13 जून के अंक में डेम की क्षतिग्रस्त वॉल खुद सुधारने के बजाय गहरीकरण का मामला उठाया तो नगरपालिका ने आनन फानन में साईट वॉल बनाने वाले ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया। ठेकेदार को नोटिस में वॉल सुधारने के निर्देश दिए गए।
नगरपालिका में अधिकारियों को बेखबर रखकर माचना डेम के गहरीकरण का काम शुरू कर दिया गया था। इसके पहले गत वर्ष निर्माण की गई डेम की वॉल क्षतिग्रस्त होने पर सुधार काम नहीं किया गया। इसकी आम लोग भी आलोचना करते रहे, लेकिन नगरपालिका ने पानी स्टोर के लिए पोकलेन से डेम के गहरीकरण का काम शुरू कर दिया। 12 और 13 जून को पोकलेन ने काफी हिस्सा गहरा कर दिया, इसके बाद जागरूक नागरिकों ने सांझवीर टाईम्स को यह मामला बताया था। 13 जून के अंक में डेम की वॉल क्षतिग्रस्त, सुधारने की जगह गहरीकरण कर रही नपा शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके अगले ही दिन पोकलेन से गहरीकरण का काम बंद कर दिया गया। इसके लिए लोगों ने सांझवीर टाईम्स को साधुवाद भी दिया, लेकिन क्षतिग्रस्त वाल सुधारने के लिए कोई कदम चार दिनों में नहीं उठाया।
ठेकेदार को तीसरी मर्तबा जारी किया नोटिस
माचना डेम पर पानी रोकने के लिए बनाई गई रिर्टनिंग वॉल का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने को एक वर्ष से अधिक का समय बीत गया। इसके बावजूद नगरपालिका को इसकी मरम्मत की याद नहीं आई। जब धनोरा में बंसल कंपनी ने ताप्ती बैराज से आई पाईप लाईन क्षतिग्रस्त की तो शहर में पानी के लिए हाहाकार मच गया, इसके बाद नगरपालिका को वैकल्पिक व्यवस्था की याद आई। आनन-फानन में 12 जून को डेम में पोकलेन उतारा। जब मामला विवादों में घिरा तो फिर तीसरी मर्तबा ठेकेदार को वॉल की मरम्मत करने के लिए नोटिस जारी किया है। नपा के सूत्रों ने बताया कि तीसरे नोटिस के बाद भी अगर ठेकेदार वॉल की मरम्मत नहीं करता है तो उसे ब्लेक लिस्टेड किया जा सकता है।
ईई की भूमिका पर भी सवाल
नपा में पदस्थ रहे ईई महेशचन्द्र अग्रवाल की भूमिका पर भी कई सवाल खड़े हो रहे है। दरअसल सीएमओ ने रिटायरमेंट के पहले कई मर्तबा माचना डेम में बनाए गए रिर्टनिंग वॉल की फाईल मांगी थी, लेकिन उन्होंने नहीं दी। इसी वजह पूरा काम लेटलतीफ हो गया। अगर सीएमओ को डिजाईन मिल जाती तो अभी तक वॉल सुधारने का काम पूरा हो जाता। अन्य कई मामलों में ईई नगरपालिका को इस तरह का फटका लगाने नहीं चुके। इसके अलावा भी कई शिकायतें सामने आई है। हालांकि ठेकेदार को कैसे भुगतान किया गया, यह भी जांच का विषय है।
इनका कहना…
पोकलेन से गहरीकरण का काम बंद कर दिया है। बारिश के पहले डेम की क्षतिग्रस्त वॉल को सुधारने प्रयास किए जा रहे है। ठेकेदार को तीसरी मर्तबा नोटिस जारी किया गया है। यदि ईई पूर्व में ही डिजाईन संबंधित फाईल सौंपते तो वॉल की काफी पहले मरम्मत हो जाती।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ, नगरपालिका, बैतूल





