Betul News : गंज बस स्टैंड का पिछला रास्ता बंद, एक ही रास्ते से हो रही बसों की आवाजाही

Betul News: The back side of Ganj bus stand is closed, buses are moving through only one route.

नगरपालिका की अनदेखी, सड़क पर पल-पल लग रहा जाम

Betul News : (बैतूल)। शहर में आगे पाट पीछे सपाट जैसी स्थिति लगभग सभी जगहों पर देखने को मिलती हैं। आम जनता को सुविधा देने के लिए काम तो जोर शोर से शुरू किया जाता है, लेकिन थोड़े ही दिनों में स्थिति जस की तस नजर आने लगती है। ताजा मामला है गंज बस स्टैंड का जहां यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के आने और जाने के लिए दो रास्ते बनाए गए थे, लेकिन अब हालात यह हैं कि एक रास्ता बन्द होने की वजह से बस स्टैंड पर बसों की एक ही रास्ते से आवाजाही के चलते सड़क पर पल-पल जाम की स्थिति बन रही है। हर 10 मिनट में सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं पर जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं है।

कांतिशिवा के सामने से बनाया था रास्ता

आम लोगों की सुविधा देने के लिए तत्कालीन कलेक्टर ज्ञानेश्वर बी पाटिल ने गंज क्षेत्र में बसस्टैंड का संचालन शुरू करवाया था। कोठीबाजार बसस्टैंड से गंज पहुंचने वाली बसों के लिए कांतिशिवा टाकीज के बाजू से बकायदा रास्ता भी बनाया गया था, ताकि बसे स्टैंड के पिछले हिस्से से प्रवेश कर गुरुद्वारा रोड होते निकल जाएं, लेकिन वर्तमान में यह रास्ता लम्बे समय से उपयोग किया जाना बंद कर दिया गया है। बसें स्टैंड के सामने वाले हिस्से से ही प्रवेश कर रही हैं और और इसी रास्ते से रवाना भी की जा रही हैं। बसों को रिवर्स करने के लिए सीधे सड़क पर लाया जाता है और सड़क पर चलने वाले चौपहिया और दो पहिया वाहनों के चालकों को अपने वाहन रोकना पड़ता है।

सड़क के दोनों तरफ लगा रहता है जाम

बसस्टैंड पर व्यवस्था गड़बड़ाए जाने का खामियाजा उन वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है जो स्टेशन और गुरुद्वारा रोड से सीधे आना-जाना करते हैं। बसों को सीधे सड़क पर लाकर टर्न करने में ही चालक को 4 से 5 मिनट लग रहा है। तब तक सड़क की दोनों तरफ वाहन रोकने पड़ रहे हैं। वहीं स्टैंड का स्पेस कम होने के चलते यात्रियों के हादसे का शिकार होने की भी संभावना बनी रहती है। यदि नगरपालिका पुन: पुरानी व्यवस्था बहाल करने का प्रयास करें तो नगर के लोगों को जाम जैसी स्थिति से निजात मिल सकती है और दुर्घटनाओं से भी बचा जा सकता है।

इनका कहना….

बसस्टैंड के दूसरे रास्ते की जानकारी मुझे नहीं थी। हम आगे व्यवस्था बनाने का प्रयास करेंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नपा बैतूल। 

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button