Betul News: Video: प्रतिबंधित अंडरब्रिज में अनियंत्रित ट्रक ने मचाया कोहराम
Betul News: Uncontrolled truck created chaos in the restricted underbridge

बाइक चालक को रौंदा, कई वाहन भी क्षतिग्रस्त, एक की हालत गंभीर
Betul News: बैतूल। रेलवे ने गंज रेलवे गेट बंद करवाकर अंडरब्रिज का निर्माण तो करवा लिया, लेकिन यहां पर हालात नहीं बदले। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने के बावजूद बड़ी संख्या में माल भरे ट्रक हादसे का कारण बन रहे हैं। शनिवार को भी गंज से बडोरा की ओर जा रहे एक माल वाहक ट्रक ने बाइक से आ रहे एक महिला औ पुरूष को चपेट में लेने के बाद दो कार को भी टक्कर मार दी। इससे कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की गति काफी तेज थी और चालक नशे में होने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान बडोरा जाते समय ट्रक चालक ने पहले सामने से आ रहे बाइक पर सवार शेख शकील और ज्योति ठाकुर को चपेट में ले लिया।
बताया जाता है कि करीब 5 फीट तक बाइक को अगले पहिए में घसीटते ले गया। इस दौरान बाइक सवार बुरी तरह लहुलुहान हो गया। लोगों ने ट्रक को धकेल कर उसे पहिए के नीचे से निकाला और तत्काल गंभीर हालत में समाजसेवी और सिविल कांट्रेक्टर अनुरंजन सिंह चौहान ने अपने वाहन से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। हादसे में महिला को भी चोट आई है। इतने के बाद भी ट्रक ने बडोरा की ओर से आ रही दो कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक नशे में होने के कारण अपना नियंत्रण खो बैठा था। इसी वजह यह हादसा हुआ। इस दौरान अंडरब्रिज पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे के बाद ट्रक चालक भागने में सफल हो गया। इस दौरान अंडरब्रिज की आवाजाही भी काफी देर तक बंद रही।
रेलवे निभा रहा केवल औपचारिकता
रेलवे ने अंडरब्रिज में भारी वाहनों के प्रवेश के लिए मार्ग बंद रखने का सूचना फलक जरूर लगाया है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। सांझवीर टाईम्स ने कुछ दिनों पहले ही अंडरब्रिज में संभावित हादसे को लेकर चेताया था, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने केवल औपचारिकता निभाई। रेलवे ने कहा था कि मामले में नपा और ट्रैफिक पुलिस से चर्चा करेंगे, लेकिन यह केवल बातों तक सीमित रह गया और शनिवार को प्रतिबंध होने के बावजूद ट्रक चालक ने नियंत्रण खोने के बाद दो लोगों को चपेट में ले लिया और कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए।




