Betul Samachar : हरदा में पीएम की सभा के लिए जिला प्रशासन भी मुस्तैद
Betul Samachar: District administration is also ready for PM's meeting in Harda.

मुख्य सचिव की वीसी के पहले कलेक्टर ने अधिकारियों की ली बैठक, भाजपा भी तैयारी में जुटी
Betul Samachar : (बैतूल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 अप्रैल को प्रस्तावित हरदा की सभा के लिए भाजपा ने जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। दूसरी तरफ प्रशासन के अधिकारी भी वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए तैयारी में जुटा हुआ है। शुक्रवार को कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, बिजली कंपनी, जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ समेत करीब दस विभागीय अधिकारियों की कलेक्ट्रेट में बैठक ली। यह बैठक 4 बजे मुख्य सचिव की वीसी के पहले प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित संसदीय क्षेत्र में सभा को लेकर ली गई है। इसके बाद वीसी में मुख्य सचिव को कलेक्टर तैयारियों को लेकर जानकारी देंगे।
सूत्र बताते हैं कि हरदा में 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री की सभा भाजपा संगठन ने तय कर ली है। इसी वजह बैतूल में प्रस्तावित सभा को रद्द करने की जानकारी सामने आई है। कहा जा रहा है कि हरदा और टिमरनी में कांग्रेस के विधायक होने के कारण भाजपा यहां सबसे अधिक ध्यान दे रही है। इसी वजह दोनों जिले के संगठन प्रभारियों ने हरदा में प्रधानमंत्री की सभा करने पर सहमति बन गई थी। इसके बाद हरदा में तैयारियां शुरू कर दी गई है। हरदा के एक मैदान पर सभा को लेकर बेरीकेटिंग और पास में ही हेलीपेड बनने का काम शुरू हो गया है। चूंकि संसदीय क्षेत्र 8 विधानसभाओं से मिलकर बना है, इसलिए सभी जगह के कार्यकर्ता यहां पर पहुंचेंगे। इसके लिए हर विधानसभा के विधायक और पूर्व विधायकों को भी दोनों जिले के संगठन पदाधिकारियों को जवाबदारी सौंप दी गई है।
प्रशासन भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटा
देश के सबसे प्रमुख व्यक्ति होने के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरदा में होने वाली सभा के लिए संसदीय क्षेत्र के दोनों जिले के अधिकारियों ने अपने स्तर पर तैयारियों शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर 3 बजे बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने लोक निर्माण, बिजली कंपनी, जनपद पंचायत, जिला पंचायत समेत आठ से दस विभाग के अधिकारियों की कलेक्ट्रेट में बैठक ली। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित हरदा आगमन को लेकर चर्चा की। चूंकि 4 बजे मुख्य सचिव 24 अप्रैल को पीएम आगमन वाले जिलों के कलेक्टर के साथ वीसी करने वाले थे। इसके लिए कलेक्टर ने यह बैठक आहूत कर अधिकारियों से चर्चा की है। बताया जा रहा है कि बैतूल जिले से भी अधिकारियों की ड्यूटी 24 अप्रैल को हरदा में आयोजित होने वाली पीएम की सभा में लगाई जाएगी। करीब आधा घंटे तक चली वीसी में पीएम के दौरे को लेकर सागर, भोपाल, बैतूल, हरदा के कलेक्टर ने प्रमुख सचिव को संपूर्ण जानकारी से अवगत कराया।
साकादेही पहुंचे तहसीलदार
इधर प्रधानमंत्री मोदी की सभा हरदा में तय होने के बावजूद बैतूल में सभा होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। हालांकि हरदा में पूरी तैयारियां शुरू हो चुकी है, लेकिन संभावनाओं को देखते हुए तहसीलदार श्री पाठे ने गुरुवार शाम को साकादेही में विधानसभा चुनाव में हुई प्रधानमंत्री के सभा स्थल और हेलीपेड को देखा है। यदि बैतूल में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम बनता है तो पीडब्ल्यूडी को दोनों हेलीपेड में सुधार करना पड़ता। हालांकि वीआईपी मूवमेंट के तहत अधिकारी साकादेही पहुंचे थे।
हरदा में तैयारियां शुरू, हेलीपेड भी बना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरदा में सभा लगभग तय हो चुकी है। इंदौर नेशनल हाइवे के पास प्रशासन ने करीब बीस एकड़ से अधिक खाली पड़े खेत को अधिकृत किया है। यही पर प्रधानमंत्री की सभा आयोजित की जाएगी। पास में ही करीब डेढ़ एकड़ खेत में दो हेलीपेड का निर्माण भी शुरू कर दिया है। इसी वजह साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री की सभा बैतूल में नहीं हरदा में होगी। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रदेश संयोजक हेमंत खंडेलवाल ने भी सांझवीर टाईम्स को बताया कि प्रधानमंत्री की सभा हरदा में तय कर ली गई है। इसी लिहाज से वहां सभा स्थल और हेलीपेड निर्माण का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हरदा पहुंचेंगे।





