Betul Samachar : तीन माह से खुदाई कर छोड़ी सड़क, अब हिचकोले खाते निकल रहे वाहन
Betul Samachar: Road left after digging for three months, now vehicles are moving hesitantly

नगरपालिका के अधिकारियों को कोई मलाल नहीं, काम के बजाए हवा बाजी में ज्यादा व्यस्त
Betul Samachar : (बैतूल)। मुल्ला पेट्रोल पंप से कोतवाली थाने तक टू लेन सड़क लोगों को बेहतर सुविधा दिए जाने के लिए बनाई जानी है। बड़े जोर-शोर से सड़क का काम शुरू भी किया गया था, लेकिन अब यही सड़क लोगों के लिए सुविधा कम मुसीबत ज्यादा बन चुकी है। पिछले तीन माह से सड़क दोनों तरफ से खोद कर छोड़ दी गई है। ठेकेदार ने भी गिट्टी डालकर सड़क को भगवान भरोसे छोड़ दिया है और अब मुसीबतें आम जनता को झेलना पड़ रहा है। सड़क का काम कब शुरू होगा , कब खत्म होगा इसकी जानकारी ना ही ठेकेदार को है और ना ही नगर पालिका के अधिकारियों को। यह जरूर है कि आम नागरिकों को अब हिचकोले खाते हुए सड़क पर चलने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
लोगों में पनप रही नपा के प्रति नाराजगी
नगरपालिका परिषद द्वारा बरती जा रही लापरवाही से आम नागरिकों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। कभी सिंगल सड़क पर चलने वाले लोगों को इस सड़क से काफी उम्मीदें थी कि अब इस व्यस्ततम सड़क पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। नपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रजनीश मंगू सोनी का कहना है कि लोगों को होने वाली समस्याओं के लिए सबसे ज्यादा नगर पालिका अध्यक्ष जिम्मेदार हैं। चूंकि शहर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की सबसे पहली जिम्मेदारी उनकी ही बनती है। आज पूरे तीन माह से इस व्यस्ततम सड़क के दोनों हिस्से खुदे हुए पड़े हैं। जनता को आने जाने के साथ साथ वाहन चालक भी परेशान हैं। सड़क का काम क्यों रोक दिया गया है। यह नगर पालिका अध्यक्ष को जनता के सामने सार्वजनिक करना चाहिए। आखिर जनता को होने वाली तकलीफों से नपा अध्यक्ष क्यों अनजान हैं।
गड्ढों में लग रही फुटपाथी दुकानें,दुकानदार भी परेशान
बहु प्रतीक्षित इस सड़क के निर्माण ने सबसे ज्यादा नुकसान उन छोटे व्यापारियों का किया है जिनकी दुकाने सड़क निर्माण के नाम पर यहां से हटा दी गई थी। कुछ व्यापारी तो गड्ढों में ही पाल पर्दे लगाकर रोजी रोटी कमा रहे हैं, लेकिन कई गुमठीधारी दुकानों को फूटे तालाब के पीछे स्थान दिया गया है। इन व्यापारियों का व्यवस्थापन कब किया जाएगा, इसका भी कोई ठिकाना नहीं है।
बिजली पोल शफ्टिंग का काम भी ठंडे बस्ते में
सड़क निर्माण होने के पूर्व यहां बिजली पोल शिफ्ट किए जाने थे। आनन-फानन में बिजली पोल लाकर रख दिए और गड्ढों की खुदाई भी शुरू कर दी गई थी, लेकिन अचानक पोल शफ्टिंग का काम भी रोक दिया गया, इससे लोागें की परेशानी कम होने के बजाय और अधिक बढ़ गई है। पूर्व में ठेकेदार ने कलेक्टर और सीएमओ को पत्र लिखकर सड़क बनाने के लिए पोल शिफ्टिंग का काम पूरा करने हेतु आग्रह किया था , लेकिन यहां पर भी बतोले बाज सब इंजीनियर ने पोल शिफ्टिंग के काम को यह कहकर हवा निकाल दी थी कि पहले ठेकेदार काम तो शुरू करें, इसके बाद काम हो जाएगा, लेकिन एक माह से अधिक का समय बीतने के बाद सदाबहार सब इंजीनियर ने सड़क के तरफ देखना भी मुनासीब नहीं समझा। इससे कलेक्टर के आदेश की भी धज्जियां उड़ा दी गई है।
इनका कहना….
ठेकेदार के साथ बैठक हुई है जल्द ही सड़क का काम शुरू जाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगेन्द्र वागद्रे, सब इंजीनियर नगर पालिका परिषद बैतूल।





