Betul News – भाजपा मंडल महामंत्री का भाई महिला से बोला-मुझे खुश करना पड़ेगा
अशब्दों के बाद एक्यूप्रेशर पार्क की महिलाओं ने काम छोड़ा, थाने में शिकायत

Betul News – बैतूल। सत्ता में रहने के कारण कुछ भाजपा नेताओं का रसूख जमकर बोल रहा है। जिले के चर्चित आमला विधानसभा के सारनी क्षेत्र में कुछ नेताओं ने पार्टी की शूचिता को भी दरकिनार करते हुए महिलाओं से अभद्रता करने में भी पीछे नहीं है। ताजा मामला सारनी नगर के भाजपा मंडल महामंत्री प्रकाश शिवहरे के छोटे भाई और दीपक शिवहरे से जुड़ा है। मंडल महामंत्री के छोटे भाई दीपक ने तो महिलाओं को खुश करने जैसे शब्द का उपयोग कर दिया, इसकी शिकायत सारनी थाने में हुई है।
थाने में शिकायत करते हुए दोनों महिलाओं ने बताया कि वे शोभापुर में रहती है और पाथाखेड़ा एक्युप्रेशर पार्क में काम करती है। सुबह 11.30 बजे पार्क में काम करने के दौरान ठेकेदार और भाजपा नेता दीपक शिवहरे यहां आए और बोला कि कल से काम पर मत आना। महिलाओं ने थाने में की गई शिकायत में बताया कि उन्होंने काम पर न आने का कारण पूछा तो उनका कहना मानना पड़ेगा और मुझे खुश करना पड़ेगा।
शिकायतकर्ता महिलाओं के अनुसार भाजपा नेता के मुंह से यह बात सुनकर उन्हें आत्मग्लानी हुई और उन्होंने खुश करने जैसी बात का विरोध कर काम पर आने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के साथ पहले दीपक शिवहरे और बाद में मौके पर पहुंचे उसके भाजपा मंडल महामंत्री प्रकाश शिवहरे ने गंदी गालियां दी। इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों महिलाओं ने सारनी थाने में आवेदन देकर भाजपा मंडल महामंत्री प्रकाश और उसके भाई दीपक पर कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना…
महिलाओं की शिकायत पर जांच चल रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा क्या कार्रवाई होगी।
अरविंद कुमरे, टीआई, सारनी
मैंने किसी के साथ गाली गलौच नहीं की। मेरे ऊपर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। मैंने सीएमओ के आदेश पर नए लोगों को पार्क में रखा है।
प्रकाश शिवहरे, भाजपा नगर मंडल महामंत्री, सारनी




