New Property Guidline: बड़ी राहत: जमीन की रजिस्ट्री अब पुराने रेट पर ही होगी, लोस चुनाव की आचार संहिता के कारण आगामी समयावधि तक शासन ने बढ़ाई तिथि
New Property Guidline: बड़ी राहत: जमीन की रजिस्ट्री अब पुराने रेट पर ही होगी, लोस चुनाव की आचार संहिता के कारण आगामी समयावधि तक शासन ने बढ़ाई तिथि

New Property Guidline: 31 मार्च तक जमीन, जायजाद, प्लाट और मकान की रजिस्ट्री किसी कारणवश नहीं कराने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। दरअसल राज्य शासन ने आचार संहिता के कारण 31 मार्च तक वर्ष 2023-24 के बाजार मूल्य गाइड लाइन की समयावधि आगामी गाइडलाइन तक बढ़ा दी है। गाइड लाइन बढ़ने के बाद संभावना है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में होने वाली रजिस्ट्रियों की संख्या अधिक हो सकती है।
हर वर्ष पंजीयन विभाग बाजार मूल्य के आधार पर रजिस्ट्रियों के दाम वित्तीय वर्ष की समाप्ति होते ही बढ़ा देता है। हर वर्ष 1 अप्रैल से नई गाइड लाइन के आधार पर जमीन के रेट तय किए जाते हैं। इस वर्ष शहर के गौठाना, पटेल वार्ड, टिकारी क्षेत्र, कोसमी, बडोरिया, मालवीय वार्ड, मोती वार्ड, जयप्रकाश वार्ड, अंबेडकर वार्ड, बडोरा, बटामा, सिंगनवाड़ी, हनोतिया सहित कई अन्य क्षेत्रों में 1 अप्रैल से पांच से सात प्रतिशत जमीन के दाम बढ़ने वाले थे। रजिस्टार आफिस से इस संबंध में पूर्व में ही दाम बढ़ने को लेकर सूचना दे दी गई थी, लेकिन कई लोग ऐसे थे जो समय पर रजिस्ट्री नहीं कर पाए। ऐसे लोगों को अब राज्य शासन ने राहत दी है।
राज्य शासन ने जारी की गाइडलाइन (New Property Guidline)
महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, मप्र ने 31 मार्च को देर रात आदेश जारी कर लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के प्रभावी होने से मप्र बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांतों का बनाया जाना और पुर्नरीक्षण नियम में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए वर्ष 2023-24 की प्रभावी बाजार मूल्य गाइडलाइन की समयावधि आगामी आदेश तक बढ़ा दी है। हालांकि इस आदेश में समयावधि नहीं दी है, लेकिन संभावना है कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता जून माह में खत्म होने के बाद नई गाइडलाइन लागू की जाएगी। इस लिहाज से करीब सवा दो माह तक जमीन बेचने और खरीदने वालों की जेब पर अतिरिक्त भार नहीं आएगा। पुराने रेट पर ही जमीन खरीदने से लोगों के हजारों रुपए बचेंगे।
- Read Also: Weapons license Suspended : सशस्त्र लायसेंस निलंबित होने के बावजूद हथियार लेकर घूम रहे लोग
312 लोकेशन की दर बढ़ाना था(New Property Guidline)
पंजीयन कार्यालय के मुताबिक वर्ष 2023-24 में जिले के कुल 312 लोकेशन की दर बढ़ाना निर्धारित किया गया था। लोकेशन के आधार पर हर जगह जमीन के दामों में पांच से लेकर सात या इससे अधिक के दाम बढ़ना तय था। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जमीन के रेट बढ़ाए जाने का असर खरीदारी पर पड़ने के आसार थे, लेकिन तिथि बढ़ने से ग्रामीणों को भी राहत मिल गई है।
अंतिम दिन 98 रजिस्ट्री से 84 लाख का मुनाफा(New Property Guidline)
जिला पंजीयक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक 31 मार्च रविवार होने के बावजूद कार्यालय सुबह से खुला था। रात 10.30 बजे तक रजिस्ट्री करने वालों की भीड़ यहां पर लगी थी। इस दौरान वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर कुल 98 रजिस्ट्रियां की गई हैं। इससे शासन को एक ही दिन में रिकार्ड 84 लाख रुपए का मुनाफा हुआ है। हालांकि मुद्रांक एवं पंजीयन शुल्क से कुल 92 करोड़ का राजस्व एकत्रित करने का लक्ष्य मिला था, लेकिन इसकी रफ्तार सर्वर के कारण पूरी नहीं हुई। अब संभावना है कि तिथि बढ़ने के बाद 92 करोड़ का लक्ष्य पंजीयक कार्यालय पूरा कर लेगा।
इनका कहना..
राज्य शासन के महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक से वित्तीय वर्ष की प्रभावी बाजार मूल्य गाइड लाइन की समयावधि बढ़ा दी है। अब पुराने रेट पर ही रजिस्ट्रियां हो सकेगी।
दिनेश कौसले, जिला पंजीयक बैतूल।




