Betul Ki Khabar: जिला प्रशासन ने जारी किए 150 पटाखा लाइसेंस
Betul Ki Khabar: District administration issued 150 firecracker licenses

व्यापारियों को 2 दिन की जगह मिले 5 दिन ज्यादा, व्यापारियों ने कलेक्टर का माना आभार
Betul Ki Khabar: बैतूल। दीपावली के शुभ अवसर पर इस बार पटाखा व्यापारियों के चेहरों पर खुशी की लहर देखने को मिल रही है। ऐसा पहली बार हुआ है जब जिला प्रशासन ने त्योहार से एक सप्ताह पहले ही पटाखों के लिए लाइसेंस जारी कर दिए हैं। आमतौर पर प्रति वर्ष दीपावली के दो दिन पहले ही पटाखा व्यापारियों को अस्थायी लाइसेंस दिए जाते थे, जिससे उन्हें बिक्री के लिए मात्र दो दिन ही मिल पाते थे। इस सीमित समय में बिक्री करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता था, लेकिन इस बार स्थिति बिल्कुल अलग है।लाइसेंस जारी होने के बाद कोठीबाजार न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड पर नपा ने साफ सफाई का काम भी शुरू कर दिया है।
जारी किए 150 लाइसेंस, एक ही जगह लगेगा बाजार
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सुर्यवंशी के निर्देश पर प्रशासन ने इस वर्ष लगभग 150 पटाखा व्यापारियों को लाइसेंस जारी कर दिए हैं। लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया एक सप्ताह पूर्व पूरी कर ली गई, ताकि व्यापारी समय पर अपनी दुकानें सजाकर सुरक्षित रूप से व्यापार शुरू कर सकें। प्रशासन का यह निर्णय न केवल व्यापारियों के लिए राहत भरा साबित हुआ है, बल्कि आम नागरिकों को भी त्योहार के पहले ही विविध प्रकार के पटाखे खरीदने की सुविधा मिल रही है।
व्यापारियों का कहना है कि पहले उन्हें लाइसेंस मिलने में देर होने से नुकसान उठाना पड़ता था। दीपावली के अंतिम दो दिनों में भीड़ तो रहती थी, लेकिन सीमित समय में पर्याप्त बिक्री नहीं हो पाती थी। वहीं इस बार पांच अतिरिक्त दिन मिलने से उन्हें अपनी दुकानें व्यवस्थित करने, सुरक्षा इंतजाम करने और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने का पर्याप्त समय मिल रहा है।पटाखा व्यापारी शेख असलम औऱ कमलेश पारदी ने बताया कि, नपा द्वारा मैदान पर साफ सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। अगले एक दो दिनों में नियमो के मुताबिक दुकाने लगा ली जाएगी।
लाखों का होगा कारोबार, सुरक्षा मानकों के मुताबिक लगेगी दुकाने
पटाखा व्यापारी संघ के सदस्यों ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सुर्यवंशी और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन का यह निर्णय व्यापारी वर्ग के हित में सकारात्मक कदम है। इससे न केवल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि जिले में त्योहार का उल्लास भी पहले की तुलना में अधिक देखने को मिलेगा। लोग जरूरत के हिसाब से खरीददारी कर सकेंगे तो वहीं व्यापारियों को भी पर्याप्त व्यापार करने का समय मिल पायेगा। इधर प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी पटाखा दुकानें निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि दीपावली का यह पर्व पूरी तरह सुरक्षित और आनंदमय तरीके से मनाया जा सके।




