Betul Hindi Samachar: सुरेश पचौरी के खिलाफ कांग्रेसियों ने सोशल मीडिया पर उगली आग
Betul Hindi Samachar: Congressmen open fire on social media against Suresh Pachauri

5 बड़े कांग्रेस नेताओं के भाजपा प्रवेश के बाद अब कोस रहे कांग्रेसी…
Betul Hindi Samachar:(बैतूल)। कल तक जिले के जो कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस के तत्कालीन वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के बैतूल आगमन पर पलक पावड़े बिछाकर स्वागत सत्कार किया करते थे, अब वहीं नेता पचौरी के भाजपा में जाने के बाद उनके खिलाफ आग उगल रहे हैं। फेसबुक पर इन नेताओं कि नाराजगी साफ नजर आ रही है। कांग्रेस नेताओं की नाराजगी भरे शब्दों से साफ नजर आ रहा है कि जिस कांग्रेस ने सुरेश पचौरी को एक सफ़ल राजनीतिक मुकाम हासिल करने में मदद की अब वही कांग्रेस उनके लिए पराई हो गई है। गौरतलब है कि शनिवार पचौरी पूर्व विधायक इन्दौर संजय शुक्ला सहित प्रदेश के पांच बड़े कांग्रेस नेताओं ने भाजपा का दामन थामकर लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
पार्टी का हो रहा नवीनीकरण , कचरा बाहर फेंकना पड़ेगा
सुरेश पचौरी के भाजपा में जाने के बाद सोशल मीडिया में तरह-तरह की पोस्ट कर यूजर पचौरी को पुराने दिनों की याद दिला रहे हैं। फेसबुक युजर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवलसिंह ठाकुर लिखते हैं कि अपने जीवन काल मे एक भी चुनाव ना जीतने के बावजूद कांग्रेस ने ही ढोया। जनता में जनाधार ना होने के बाद भी केंद्र में मंत्री बनाया, राज्यसभा भिजवाया, बड़ा नेता बनाया। एहसान चुकाने के बजाय पार्टी से ही एहसान फरामोशी। अच्छा है ऐसे लोगों की कांग्रेस में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। किसी और को जाना है तो वह भी जा सकता है, क्योंकि कांग्रेस का नवीनीकरण हो रहा है। कचरा बाहर फेंकना ही पड़ेगा।

कौनसी चाहत रह गई जो दूसरे पाले में होगी पूरी
कांग्रेस नेताओं के भाजपा प्रवेश को लेकर यूजर सुशील कौशिक ने भी तीखा व्यंग्य कर सुरेश पचौरी को आइना दिखाने की कोशिश की है। कौशिक लिखते है कि पूरी उम्र कांग्रेस में खपा दी, सांसद रहे ,केंद्र में मंत्री रहे, प्रदेश अध्यक्ष रहे। इससे बड़ी कौनसी चाहत अब बाकी रह गयी है जो अब दूसरे पाले में जाकर पूरी होगी पचौरी जी कुल मिलाकर अब राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह साफ हो चुका है। जिनको जाना था वो तो चले गए, लेकिन देखना ये है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के और कितने विकेट गिर सकते हैं। इसी तरह कांग्रेसी विचार धारा से जुड़े राजेश सोनी ने लिखा है कि जिनको कांग्रेस ने माथे पर बिठाया वे भी पराए हो रहे हैं। केवल सच्चा कार्यकर्ता ही साथ रहेगा। इन्हें पहचानों और महत्व दो, नेताओं को जाने दो। कल तक जिस परिवार और परिवाद से नफरत थी, आज वही सबकी डीपी पर है।





