Betul Crime News: खंजनपुर में दो युवकों पर चाकू से हमला, घटना के बाद से लोगों में दहशत
Betul Crime News: Knife attack on two youths in Khanjanpur, panic among people after the incident

Betul Crime News:(बैतूल)। कोतवाली थाना क्षेत्र खंजनपुर में गुरूवार की रात को दो युवकों पर अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस रात में ही घटना स्थल पर पहुंची और जायजा लिया गया। चाकू से हमला करने वाले आरोपियों का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। रात में हुई चाकूबाजी की वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है। शहर में अपराध इतने बढ़ गए कि अपराधियों को पुलिस का जरा भी डर नहीं है। चलते राह लोगों को अपराधी निशाना बनाने में लगे है। बढ़ती वारदात के कारण लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगे है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आदित्य पिता पवन बचले (22) निवासी बैतूल और कमलेश पिता नंदलाल सूर्यवंशी (22) गुल्लरढाना हाल बैतूल निवासी गुरूवार की रात को खंजनपुर स्थित अपने रूम पर जा रहे थे। लोहा पुलिया के पास कुछ अज्ञात युवकों ने आदित्य और कमलेश को रोककर चाकू से हमला कर दिया। दोनों युवकों के शरीर पर चाकू से हमला करने पर गंभीर चोट के निशान आए है, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि चाकू से हमला करने वाले युवकों की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पीड़ित दोनों युवक भी आरोपियों को नहीं पहचानते है। पीड़ित दोनों युवकों का कहना है कि वे मोटर साईकिल से अपने रूम पर जा रहे थे। तभी लोहा पुलिया पर कुछ युवक खड़े थे और उन्होंने बिना किसी कारण से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की धारा बढ़ाई जाएगी।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
चाकूबाजी की घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, पीड़ितों के बयान दर्ज किए है। चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी की घटना को लेकर आसपास क्षेत्र के सीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है, ताकि घटना के संबंध में सच सामने आ सके। बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपियों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला किया और हमला करने के बाद वे मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि खंजनपुर लोहा पुलिया के पास रात के समय असामाजिक तत्व खड़े रहते है। असामाजिक तत्वों के खड़े होने के कारण लोगों को इस पुलिया से आने-जाने में डर लगता है। पुलिस भी रात के समय घूमने वाले लोगों पर सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रही है।





