बैतूल वार्ड परिक्रमा : शिवाजी वार्डवासी बोले नहीं बनी सडक़ें और नालियां, पार्षद के कामकाज को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया
Betul Ward Parikrama: Shivaji ward residents said that roads and drains were not built, mixed reaction regarding the work of the councilor

बैतूल वार्ड परिक्रमा : (बैतूल)। शिवाजी वार्डवासी भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे है। वार्ड में कई जगह नालियां और सडक़ों का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आधा शिवाजी वार्ड व्यवसायिक क्षेत्र में आता है। व्यवसायिक क्षेत्र में भी कई जगह नालियों का निर्माण नहीं होने से व्यापारी परेशान रहते है। बारिश के समय पानी की निकासी नहीं हो पाती है। साफ-सफाई व्यवस्था का भी अभाव बना है।
वार्ड के पार्षद आभा श्रीवास्तव के एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर वार्डवासियों की मिलीजुली प्रतिक्रिया सामने आई है। शिवाजी वार्ड लोहा पुलिया के पास क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि सडक़ और नालियों का निर्माण नहीं होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद को कई बार शिकायत कर चुके, लेकिन हमेशा ही निर्माण कार्य को लेकर उन्हें केवल आश्वासन मिला है। कुछ लोगों ने पार्षद के कामकाज को लेकर संतुष्टि जताते हुए कहा कि पार्षद को जब भी शिकायत करो वे तुरंत पहुंच जाती है।
1 करोड़ 20 लाख की राशि स्वीकृत: आभा
वार्ड की पार्षद आभा दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में वार्ड में सडक़ और नालियों का निर्माण किया है। अभी वार्ड में और कई जगह सडक़ें और नालियों का निर्माण होना बाकी है। वार्ड के विकास कार्यो के लिए 1 करोड़ 20 लाख रूपए स्वीकृत किए है। इस राशि में सडक़, नालियां और शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। बारिश के कारण सडक़ों का निर्माण अभी रूका हुआ है। जल्द ही सडक़ों का निर्माण कार्य भी प्रारंभ करेंगे। वार्डवासियों की समस्या को दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता है।
वार्ड में है कई समस्याएं: अनिता
पार्षद चुनाव के समय कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकी अनिता कमलेश राव ने कहा कि वार्ड में कई समस्याएं है। जिनका समाधान नहीं होने से वार्डवासियों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। खास तौर पर वार्ड में नाली और सडक़ों की सबसे ज्यादा बड़ी समस्या बनी हुई है। हालांकि वार्ड के पार्षद ने वार्ड के कुछ क्षेत्रों में काम किया है, लेकिन उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हो पाया है। कई जगह नालियां क्षतिग्रस्त होने से बारिश के समय पानी निकासी में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्ड में कई जगह जलभराव की स्थिति भी निर्मित हो जाती है।
क्या कहते है वार्डवासी
ज्ञानोदय कॉलेज के पास से जाने वाला मार्ग का निर्माण कई वर्षो से नहीं हुआ है। वार्डवासियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सडक़ पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। वार्ड के पास में पेट्रोल पंप शुरू हुआ है, जिसके सेप्टी टैंक की बदबू से वार्डवासियों को परेशानी होती है। समस्या को लेकर पार्षद को भी कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्य नहीं हो पाया।
गुलाबराव साकरे, वार्डवासी, शिवाजी वार्ड
वार्ड में पक्की नालियों का निर्माण नही हुआ है। नालियां नहीं बनने से बारिश के समय दलदल की स्थिति निर्मित हो जाती है। पार्षद से शिकायत की थी, पार्षद ने मौके पर पहुंचकर यथास्थिति भी देख ली, लेकिन अभी समस्या का समाधान नही हो पाया है। बारिश के समय सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सडक़ निर्माण होने पर वार्ड की समस्या दूर हो सकता है
चेपालाल पवार, वार्डवासी, शिवाजी वार्ड




