Betul News: 212 पक्की दुकानों से संवरेंगी छोटे कारोबारियों की जिंदगी

अभिनंदन सरोवर के पीछे 8.38 करोड़ से बनेगा व्यावसायिक परिसर, विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल पर तैयार हुआ प्रोजेक्ट

Betul News: बैतूल। शहर के छोटे दुकानदारों को अब सड़क किनारे और बाजारों में अस्थायी दुकानें लगाकर रोजी-रोटी कमाने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है। कोठीबाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों के किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे कारोबारियों को स्थायी ठिकाना उपलब्ध कराने की दिशा में अभिनंदन सरोवर के पीछे बड़ा कदम उठाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल पर नगर पालिका बैतूल ने यहां 212 पक्की दुकानों के निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इससे छोटे व्यापारियों को अपना व्यवसाय व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का अवसर मिलेगा।

8 करोड़ 38 लाख की लागत से होगा निर्माण

अभिनंदन सरोवर के पीछे निर्धारित आकार की 212 दुकानों का निर्माण करीब 8 करोड़ 38 लाख की लागत से किया जाएगा। प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर में ग्राउंड फ्लोर के साथ दो अतिरिक्त फ्लोर भी बनाए जाएंगे। नगर पालिका ने विधायक के निर्देशानुसार प्रोजेक्ट पर तेजी से काम करते हुए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त की हैं।

निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर भोपाल की शरमन इंटरप्राइजेस को ठेका दिया गया है। टेंडर स्वीकृत होने के बाद निर्माण की दरों को मंजूरी देने के लिए फाइल भोपाल भेजी गई है। दरें स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है।

 पहले से व्यवस्थित बनी हैं 70 टीन शेड दुकानें

इस स्थान पर वर्तमान में 70 टीन शेड वाली दुकानें बनकर तैयार हैं और इनमें व्यवसाय भी शुरू हो चुका है। अब 212 पक्की दुकानों का निर्माण होने से यहां छोटे कारोबारियों के लिए व्यवस्थित बाजार विकसित हो सकेगा। एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में दुकानों की उपलब्धता से ग्राहकों को भी खरीदारी में सुविधा मिलेगी।

 अतिक्रमण की कार्रवाई से मिलेगी राहत

शहर के कोठीबाजार, बस स्टैंड, गंज और सदर सहित प्रमुख बाजारों में सैकड़ों छोटे कारोबारी सड़क किनारे दुकानें लगाकर अपना परिवार पालते हैं। यातायात व्यवस्था और सड़क चौड़ीकरण जैसी जरूरतों के चलते इन्हें समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। इससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होती है।

अभिनंदन सरोवर के पीछे तैयार हो रहा यह परिसर छोटे कारोबारियों को स्थायी स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 212 दुकानों के निर्माण से कई व्यापारियों को सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवसाय का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

इनका कहना….

 अभिनंदन सरोवर के पीछे 212 दुकानों के निर्माण के टेंडर हो चुके हैं। दरों की स्वीकृति के लिए फाइल भोपाल भेजी गई है। 

नगेन्द्र वागद्रे, सब इंजीनियर नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button