Betul News: करोड़ों का नगर वन, रेंजर को ही नहीं पता निर्माण की लागत!

लालिया पहाड़ के नीचे 50 हेक्टेयर में बन रहा नगर वन, 1.84 करोड़ के खर्च पर उठ रहे सवाल
Betul News: बैतूल। वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हमलापुर डिपो की बाउंड्रीवॉल से सटकर पिछले आठ महीने से तैयार किए जा रहे नगर वन की लागत कितनी है, इसकी जानकारी खुद बैतूल परिक्षेत्र के रेंजर अरुणेंद्र शुक्ला को ही नहीं है।
हैरानी की बात यह है कि नगर वन का पूरा निर्माण उन्हीं की देखरेख में कराया जा रहा है। ऐसे में करोड़ों रुपए की लागत से चल रहे निर्माण कार्य की जानकारी जिम्मेदार अधिकारी को नहीं होना विभागीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक हमलापुर बीट के 20 हेक्टेयर और खंडारा बीट के 30 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलाकर करीब 50 हेक्टेयर में नगर वन विकसित किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इस परियोजना पर 1 करोड़ 84 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
निर्माण कार्य को आठ महीने बीत चुके हैं और बताया जा रहा है कि काम के नाम पर लगातार प्रमाणक तैयार कर भुगतान भी किया जा रहा है। इसके बावजूद रेंजर को लागत की जानकारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। नगर वन में पौधों को पानी देने और देखरेख की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारी ने भी निर्माण से जुड़ी जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया।
पर्यावरण प्रेमियों की एंट्री पर भी सवालनगर वन जैसे पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट में पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी महत्वपूर्ण मानी जाती है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि निर्माण के दौरान ऐसे लोगों को दूर रखा गया।
आखिर ऐसा क्या कारण था कि स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों को परियोजना की जानकारी और गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत नहीं समझी गई? क्या निर्माण कार्य को पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा रहा है या फिर जानकारियां सीमित रखने की कोशिश हो रही है?
शहर से दूर नगर वन, आम नागरिक कैसे पहुंचेंगे?
दूसरी ओर नगर वन के स्थान चयन को लेकर भी नागरिकों ने सवाल उठाए हैं। लालिया पहाड़ के नीचे जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में करीब 50 हेक्टेयर में नगर वन विकसित किया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि शहर से दूर सुनसान इलाके में नगर वन बनाने का औचित्य क्या है?
जब यहां तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता तक उपलब्ध नहीं है, तो आम नागरिक आखिर कितनी संख्या में यहां पहुंचेंगे? नगर वन का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ना और हरित क्षेत्र उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि नागरिकों की पहुंच ही मुश्किल होगी तो करोड़ों के निवेश का लाभ किसे मिलेगा?
जांच हो तो सामने आएगी खर्च की हकीकत
नगर वन की वास्तविक लागत, निर्माण में हुए खर्च, भुगतान किए गए प्रमाणकों और कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच जरूरी है। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट करना चाहिए कि 1.84 करोड़ रुपए की परियोजना में अब तक कितना भुगतान हुआ और निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी किस अधिकारी के पास है। करोड़ों की सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद जिम्मेदारों के पास बुनियादी जानकारी का अभाव है तो यह महज लापरवाही नहीं, बल्कि जवाबदेही का गंभीर मामला है।
इनका कहना….
नगर वन की लागत कितनी है इसकी जानकारी नहीं है, देख कर बताया जा सकता है।
अरुणेंद्र शुक्ला, परिक्षेत्र अधिकारी बैतूल रेंज
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



