Pahalgam Attack: Video: पहलगाम आतंकी में पर्यटकों की जीवित पत्नियों को भी घोड़ाडोंगरी विधायक ने दी श्रद्धांजलि
Pahalgam Attack: Ghoradongri MLA also paid tribute to the surviving wives of tourists killed in Pahalgam terror attack

वायरल वीडियो में जुबान फिसली, कांग्रेस मुखर
Pahalgam Attack: बैतूल। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सरकार और सेना के ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा सभी तरफ हो रही है। सेना के पराक्रम को लेकर राजनीतिक दल के बड़े और छोटे नेता अपने प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। प्रदेश के अजाक मंत्री ने सबसे पहले सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कहकर विवादों को जन्म दिया। इसके बाद प्रदेश के उपमुख्यंत्री जगदीश देवड़ा ने भी विवादित टिप्पणी कर मामले को तूल दे दिया।
भाजपा के ही एक अन्य विधायक ने इस मामले में टिप्पणी की। अब बैतूल जिले का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है। दरअसल पिछले दिनों जिला मुख्यालय पर हुई तिरंगा यात्रा को लेकर घोड़ाडोंगरी की विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने एक वीडियो जारी किया है इसमें तिरंगा यात्रा सफल बनाने की अपील की है। इससे पहले उन्होंने अपनी बातों की शुरूआत तो ठीक की लेकिन बीच में उन्होंने यह कहकर विवादों को जन्म दे दिया है कि आतंकियों ने हमारे पर्यटकों पर गोलियां चलाई और सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर उन बहनों को सच्ची श्रद्धांजलि दी।
चौंकाने वाली बात यह है कि आतंकियों ने पहलगाम में जब हमला किया था तो पुरुषों को निशाना बनाया था, एक भी महिला की हत्या नहीं की, लेकिन घोड़ाडोंगरी विधायक की यहा जुबान फिसल गई, उन्होंने मृतक पुरुषों की बजाए बहनों को श्रद्धांजलि दे डाली। हालांकि उन्होंने 1 मिनट 23 सेकंड के वीडियों में इतना जरूर कहा है कि पहलगाम में हुए आतंकीय हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर चलाया और हमारे सैनिकों के इस पराक्रम को पूरे देश ने सराहा है।
17 मई को जिला मुख्यालय पर निकलने वाली तिरंगा यात्रा की सफलता के लिए वीडियो जारी करते हुए विधायक गंगा उईके ने कहा था कि हमारे पर्यटकों पर पाकिस्तान आतंकवादियों ने गोलियां चलाई और बहनों के मांग का सिंदूर उजाड़ दिया। इसके ठीक बाद उनकी जुबान अचानक फिसल गई और सरकार के ऑपरेशन सिंदूर में बहनों को सच्ची श्रद्धांजलि दे डाली।
कांग्रेस ने कड़े शब्दों में की आलोचना
घोड़ाडोंगरी विधायक द्वारा आतंकवादी हमले में जीवित बहनों को श्रद्धांजलि देने पर विवादों में घिरती नजर आ रही है। पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी सुखदेव पांसे ने कहा है कि भाजपा नेता एक तरफ सेना का अपमान कर रहे हैं। जिस सिंदूर आपरेशन को सेना ने सफल कराया। उसका तो अपमान किया जा रहा है, वहीं मोदी जी को महिमा मंडित करने के चक्कर में हमारी जीवित माता -बहनों को भी श्रद्धांजलि देकर आपमानित किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत वागदे्र ने कहा है कि भाजपा में अनुशासन रहने का दावा किया जाता है, लेकिन जिस तरह भाजपा नेता पहलगाम आतंकीय हमले को लेकर ब्यान दे रहे हैं इससे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने घोड़ाडोंगरी विधायक द्वारा बहनों को भी श्रद्धांजलि देने के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए आतंकवादी हमले में मृत हुए पर्यटकों की पत्नियों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।




