Betul ki Khabar: मां की मौत पर न्याय मांग रहा बेटा, नौ दिन बाद भी ना जांच ना एफआईआर?

मृतका के बेटे ने फेसबुक पर बयां किया दर्द, रिश्तेदारों पर लगाया हत्या का आरोप
Betul ki Khabar: बैतूल। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नए पुलिस कप्तान के पदभार संभालने के बाद कानून व्यवस्था में सुधार और आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम एनखेड़ा में सामने आया मामला इन उम्मीदों पर सवाल खड़े कर रहा है।
यहां 2 नवंबर को कुएं में मिली महिला की लाश के मामले में नौ दिन गुजर जाने के बाद भी परिजनों के आरोपों पर एफआईआर दर्ज नहीं होने और जांच में ठोस प्रगति सामने नहीं आने की बात कही जा रही है।
हालांकि पुलिस का दावा है कि, जांच पूरी हो चुकी है और आज ही एफआईआर भी दर्ज कर ली जाएगी। लेकिन हत्या जैसे सम्वेदनशील अपराध में एक सप्ताह से अधिक समय खर्च होना कहीं ना कहीं संगीन अपराधों को नजरअंदाज करने की तरफ इशारा कर रहा है।

रिश्तेदारों पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप
मृतका कमला धोटे के पुत्र राकेश धोटे ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए मां की मौत को हत्या बताते हुए कई रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि खेत में जमीन और नक्शे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन उसके पिता हरि धोटे को पुलिस डायल-112 के माध्यम से थाने बुलाया गया था।
इसी दौरान खेत में अकेली मौजूद उसकी मां की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। राकेश ने इस वारदात में शंकरराव धोटे और उनके परिवार के सदस्यों सहित अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया है।
राकेश का आरोप है कि उसके माता-पिता को पहले से जान का खतरा था। इस संबंध में साईंखेड़ा थाना स्टाफ को शिकायत कर कार्रवाई की मांग भी की गई थी, लेकिन कथित तौर पर पुलिस ने घटना होने के बाद कार्रवाई करने की बात कही थी। अब मां की संदिग्ध मौत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार परेशान है।
कम्युनिटी पुलिसिंग पर भी उठे सवाल
पुलिस की कम्युनिटी पुलिसिंग और पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दावों के बीच यह मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर नौ दिन में पुलिस ने घटनास्थल की जांच, संदिग्धों से पूछताछ और पोस्टमार्टम सहित अन्य पहलुओं पर क्या कार्रवाई की? परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हुई?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि हत्या की आशंका जताने वाले परिवार को अब तक एफआईआर और न्याय के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है? पुलिस अधीक्षक को मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करना चाहिए।जब इस मामले को लेकर पुलिस से सीधा सवाल किया गया तो त्वरित कार्यवाही किये जाने का दावा किया गया है।
इनका कहना….
अपराध में जांच पूरी हो चुकी है। आज ही एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
अंजना मालवीय ,टीआई, थाना साईंखेड़ा
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




