Betul Samachar: जनता की सुविधा की सड़क पर अवैध कब्जेधारी पड़ रहे भारी
Betul News: Illegal occupants are proving costly on the public convenience road

बस स्टैंड रोड पर बीच सड़क पर तान दिया तंबू, चौड़ी सड़क हुई संकरी, नपा का राजस्व अमला फिर फिसड्डी
Betul Samachar: बैतूल। हाल ही में पेट्रोल पंप चौराहे से लल्ली चौक तक टू लेन सड़क का निर्माण किया गया है , ताकि आम जनता को चौड़ी सड़क पर सुगम यातायात की सुविधा मिल सके, लेकिन यह चौड़ी सड़क अब एक बार फिर अतिक्रमणकारियों के कब्जे में आ गई है। जिस सड़क पर वाहनों को आसानी से निकलना चाहिए था, वहां अब पुन: दुकानें और ठेले सज गए हैं। यही स्थिति ज्योति टॉकीज के सामने की भी है। यहां शॉपिंग मॉल आदि में आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही पार्क हो रहे हैं, लेकिन ना किसी अधिकारी को देखने की फुर्सत है ना सुध लेने की लिहाजा इस सड़क के व्यवस्थित और छोड़ा करने का कोई फायदा जनता की मिलता नहीं दिख रहा है।

नपा के बगल में 7 फीट सरकारी जगह पर बेजा कब्जा
सरकारी जमीनों पर बेजा कब्जों के मामले में विडंबना यह है कि अतिक्रमण का सबसे ज्यादा असर नगर पालिका कार्यालय के सामने ही देखने को मिल रहा है। नपा की बाउंड्रीवाल से लेकर जयस्तंभ तक फुटपाथ और सड़क के किनारे जूते, चप्पल, बैग, चाय और पान के ठेले लगे हैं। साफ नजर आ रहा है कि यहां 6 से 7 अतिक्रमणकारियों ने करीब 8 फिट की सरकारी जमीन पर कब्जा कर सड़क घेर रखी है।
लल्ली चौक से बस स्टैंड जाने वाली लेन ओर जहां दो वाहन एक साथ निकल सकते हैं। अतिक्रमण की वजह से यहां केवल एक वाहन के निकलने की जगह ही बची हुई है। इसके अलावा तालाब किनारे से कम्पनी गार्डन जाने वाली सड़क के बीचोंबीच भी रातोंरात दुकानें खड़ी कर दी हैं, इससे राहगीरों और वाहन चालकों को इन दुकानों के आजू बाजू से होकर आना-जाना पड़ रहा है। इस इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
कलेक्टर के निरीक्षण और निर्देश ताक पर
पब्लिक से जुड़े इस मामले में हैरानी की बात यह है कि स्वयं कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा कई बार निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन उनके जाते ही अतिक्रमणकारियों ने फिर से सड़क पर कब्जा जमा लिया। इससे नपा प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अतिक्रमणकारियों और नगरपालिका के अधिकारियों के बीच गहरा गठजोड़ बना हुआ है, जिसके चलते कार्रवाई केवल औपचारिक बनकर रह गई है। कुल मिलाकर, जनता की सुविधा और सड़क की चौड़ाई पर अवैध कब्जे भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह सड़क फिर से पुराने हालात में लौट जाएगी और सुगम यातायात का सपना अधूरा रह जाएगा।
इनका कहना…..
अतिक्रमण को लेकर राजस्व निरीक्षकों को कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे। सड़क पर किसी भी स्थिति में दुकानें नहीं लगाने दी जाएगी।
सतीश मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




