Betul Ki Khabar: बिना पोल हटाए पेविंग ब्लॉक लगाने की तैयारी, पैसों की बर्बादी होना तय
Betul Ki Khabar: Preparations to install paving blocks without removing poles, waste of money is certain

जनता की फजीहत के लिए आखिर कौन जिम्मेदार
Betul Ki Khabar: बैतूल। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की नाराजगी के बावजूद नपा अधिकारियों और बिजली ठेकेदार की लापरवाही खत्म होती नजर नहीं आ रही। थाना चौक से लल्ली चौक तक बनाई गई व्हाइट टापिंग सड़क के आसपास बिना बिजली पोल हटाए ही पेविंग ब्लॉक बिछाने की तैयारी ठेकेदार द्वारा की जा रही है। कोतवाली के सामने पेवर ब्लाक पहुंचा भी दिए गए हैं। यह स्थिति साफ संकेत देती है कि यदि ऐसा हुआ तो भविष्य में फिर जनता द्वारा दिए जाने वाले टैक्स की लाखों की राशि बर्बादी होना तय है।
इस सड़क का जल्द से जल्द कायाकल्प करने के कलेक्टर के निर्देश को करीब एक माह हो रहा है, लेकिन ना पेड़ों की छटाई की गई और ना बिजली पोलों और ट्रंसफार्मरों को शिफ्टिंग किया जा सका है। कोतवाली थाने से लल्ली चौक के बीच दो ट्रांसफार्मर और करीब 10 पोल शिफ्ट किए जाने हैं। इसी तरह लल्ली चौक से लेकर कलेक्ट्रेट तक 20 पोल अतिरिक्त हटाएं जाने हैं जो नहीं हटाए जा सके हैं।
जानकारों का कहना है कि यदि वर्तमान परिस्थिति में पेवर ब्लॉक लगाए जाते हैं तो पोल शिफ्टिंग के समय इन्हें उखाड़ना पड़ेगा। इससे न केवल समय और श्रम की बर्बादी होगी, बल्कि सरकारी खजाने पर भी अनावश्यक बोझ पड़ेगा। वहीं बिजली ठेकेदार का कहना है कि पोल शिफ्टिंग से पहले पेड़ों की छटाई जरूरी है और यह काम नगरपालिका के जिम्मे है, लेकिन नपा इस काम में लगातार टालमटोल कर रही है।
दो विभागों की लापरवाही से आम लोगों की फजीहत
नगर पालिका और बिजली विभाग के बीच तालमेल नहीं होने के कारण आम लोगों की फजीहत हो रही है। दोनों विभागों की अनदेखी के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बाजू में पोल खड़े होने से आवागमन मुश्किल हो रहा है। वर्तमान में भी वाहन सड़क पर ही खड़े किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य अधूरा होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जब तक अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाएंगे, तब तक शहर की विकास योजनाएं अधूरी ही रह जाएंगी और जनता की गाढ़ी कमाई यूं ही बर्बाद होती रहेगी। जरूरी है कि पेवर ब्लॉक बिछाने से पहले पोल शिफ्टिंग का काम पूरा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण स्थायी रूप से हो और बार-बार खर्च करने की नौबत न आए।
इनका कहना….
पेड़ो की छंटाई नपा को करवाना है, छंटाई करवा दी जाए तो पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।
राघवेंद्र द्विवेदी, बिजली ठेकेदार
अभी नपा में बैठक में व्यस्त हूं, बाद में ही जानकारी दी जा सकती है।
अमित सक्सेना,विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल




