Betul Samachar: कृषि विपणन बोर्ड के आदेशों की बैतूल मंडी में उड़ी धज्जियां, किसानों की उपज खरीदने से पीछे हट रहा प्रबंधन

अवकाश के दिनों में नीलामी शुरू कराने के आदेश को मंडी सचिव ने दिखाया ठेंगा, हमाल नहीं आने और अधिक आवक का दे रहे हवाला
Betul Samachar: बैतूल। कृषि मंडियों में इन दिनों उपज की बंपर आवक हो रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार और अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आंचलिक कार्यालय ने 30 अक्टूबर को स्पष्ट आदेश जारी किए हैं।
आदेश में अवकाश के दिनों में भी मंडियों में नीलामी कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन बैतूल कृषि उपज मंडी प्रबंधन पर इन आदेशों का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। यहां सरकारी आदेश कागजों तक सीमित हैं और मंडी प्रशासन अपनी सुविधानुसार व्यवस्था चला रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जिस समय किसानों की उपज बेचने की व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विपणन बोर्ड ने अवकाश में भी नीलामी कराने के निर्देश दिए हैं, उसी समय बैतूल मंडी में छुट्टी का हवाला देकर खरीदी बंद रखी जा रही है। मंडी सचिव ने अवकाश के दिनों में खरीदी कराने के मामले में हाथ खड़े कर दिए हैं।
इससे किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है। दूसरी ओर भैंसदेही कृषि उपज मंडी में अवकाश के दिन भी खरीदी की जा रही है। रविवार को वहां किसानों की उपज की नीलामी हुई। ऐसे में सवाल उठता है कि जब भैंसदेही मंडी में अवकाश के दिन खरीदी संभव है तो बैतूल मंडी में आदेशों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है?
अधिक आवक और हमाल नहीं आने का बहाना
बैतूल मंडी के अधिकारियों का तर्क है कि इन दिनों मंडी में उपज की आवक अधिक हो रही है। ऐसे में अवकाश के दिनों में भी नीलामी शुरू कराई गई तो व्यवस्थाएं बिगड़ सकती हैं। अधिकारियों का यह भी कहना है कि छुट्टी के दिन हमाल काम पर नहीं आते हैं, जिसके कारण खरीदी कराना मुश्किल होता है।
लेकिन सवाल यह है कि जब विपणन बोर्ड ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर अवकाश में भी नीलामी जारी रखने के निर्देश दिए हैं तो मंडी प्रबंधन ने इसके लिए पहले से कोई व्यवस्था क्यों नहीं बनाई?
भैंसदेही में खरीदी, बैतूल में क्यों नहीं?
एक ही जिले की दो मंडियों में व्यवस्था का यह अंतर मंडी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। भैंसदेही मंडी में रविवार को खरीदी हो सकती है तो बैतूल में इसके लिए हमाल और अधिक आवक का हवाला देकर पल्ला क्यों झाड़ा जा रहा है? क्या किसानों की सुविधा से ज्यादा मंडी प्रशासन को अपनी छुट्टी और व्यवस्थाओं की चिंता है?
विपणन बोर्ड के आदेश के बावजूद खरीदी बंद रखना किसानों के हितों की अनदेखी है। अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन आदेशों का पालन कर अवकाश के दिनों में नीलामी शुरू कराता है या फिर किसान इसी तरह परेशान होते रहेंगे।
इनका कहना…
इन दिनों मंडी में बहुत आवक हो रही है। अवकाश के दिनों में नीलामी कार्य करना संभव नही है। छुट्टी के दिन हमाल भी काम करने नही आते है।
सुरेश परते कृषि मंडी सचिव बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




