Betul News: बैतूल को महानगरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की तैयारी

अंडरग्राउंड पार्किंग से लेकर योग भवन तक बनेंगे, विधायक ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दी समय सीमा

Betul News:बैतूल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को अपने अत्यंत व्यस्त कार्यक्रम के बीच भोपाल रवाना होने से पहले नगर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। नगर को महानगरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाए जाने हेतु वे लगातार प्रयासरत हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित कार्यों को गुणवत्ता के साथ नियत समय सीमा में तीव्र गति से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर सहित पार्षद एवं सभापति गण पिंटू परिहार, रघुनाथ लोखंडे, वरुण धोटे, पवन यादव, कोठी बाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैद्य तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

1.62 करोड़ की लागत से बनेगी नेहरू पार्क पर चौपाटी

प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने नेहरू पार्क के पास चौपाटी स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां 1 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से व्यापक सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की विलंबता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य आदेश जारी हो चुका है और उन्होंने तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह चौपाटी बैतूलवासियों को आधुनिक मनोरंजन और आकर्षण का नया केंद्र उपलब्ध कराएगी।

पुलिस ग्राउंड में योग भवन और टॉयलेट निर्माण के निर्देश

निरीक्षण भ्रमण के दूसरे पड़ाव में हेमंत खंडेलवाल पुलिस ग्राउंड पहुंचे। यहां पीडबल्यूडी चौक साइड स्थित ग्राउंड के कोने पर निर्माणाधीन भवन को योग भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही ग्राउंड के पीछे की ओर आवश्यकतानुसार टॉयलेट्स का निर्माण भी प्राथमिकता से करवाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय इंजीनियरों को निर्देश दिए कि कार्य समय पर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण होना चाहिए।

गांधी चौक को मिलेगा नया स्वरूप

कोठीबाजार स्थित गांधी चौक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग का विस्तृत अध्ययन कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यस्ततम बाजार क्षेत्र होने के चलते यहां पार्किंग की समस्या को समाप्त करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अंडरग्राउंड पार्किंग एवं विशाल शेड निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत स्वीकृत किया जा चुका है और कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों से भी चर्चा कर सुझाव लिए और कहा कि गांधी चौक का विकास सभी व्यापारियों और नागरिकों के हित में है। गांधी चौक पर बनने वाली अंडर ग्राउंड पार्किंग से गाड़ियां नीचे पार्क होंगी एवं ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़ा ओपन शेड बनाया जाएगा, जिससे बाजार व्यवस्थित हो सकेगा। ऊपर के शेड का उपयोग सामान्यत: बाजार लगाने के लिए और बाद में किसी कार्यक्रम के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा।

बैतूल के भविष्य को संवारने की प्रतिबद्धता

विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल को एक विकसित और स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करना हमारा मुख्य लक्ष्य है। हर नागरिक को बेहतर सुविधाए मिलें, योजनाए धरातल पर दिखें और शहर की प्रगति जन-जन को महसूस हो, इसी सोच के साथ कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समय सीमा का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उनका मानना है कि बैतूल को प्रदेश के महानगरों की तर्ज पर विकसित करने का उनका लक्ष्य है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button