Betul Hospital News: अस्पताल में रीलबाजी में मशगूल ट्रेनी डॉक्टर! वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल

जिला अस्पताल के लिफ्ट परिसर से लेकर अंदर तक रील बनाने का मामला चर्चा में, अस्पताल प्रबंधन ने निजी कॉलेज को दिया नोटिस
Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में किसी निजी कालेज के ट्रेनी डॉक्टरों की टीम द्वारा रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में जिम्मेदारी, अनुशासन और अस्पताल की गरिमा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सवाल उठ रहा है कि जिस अस्पताल में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, क्या वहां रीलबाजी करना उचित है? मामला सामने आने के बाद अस्प्ताल प्रबन्धन ने भी एक्शन लिया है। निजी कालेज प्रबन्धन को नोटिस देकर आगाह भी किया गया है और जुर्माना लगाने की बात भी कही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ महिला ट्रेनी डॉक्टर्स जिला अस्पताल के भीतर लिफ्ट के पास और परिसर में फिल्मी गाने पर रील बनाती नजर आ रही हैं। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि रील बनाने वाली युवतियां निजी कालेज से जुड़ी हैं और अस्पताल में इंटर्नशिप कर रही थी।
हालांकि, यह भी चर्चा है कि वीडियो इंटर्नशिप के अंतिम दिन के सेलिब्रेशन के दौरान बनाया गया हो सकता है।जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लंबी कतारें, डॉक्टरों का इंतजार और स्टाफ की कमी जैसी शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में रील बनाए जाने का मामला लोगों को असहज कर रहा है।
प्रबन्धन ने लिया तत्काल एक्शन, निजी कालेज प्रबन्धन को दिया नोटिस
दरअसल अस्पताल एक संवेदनशील स्थान है, जहां मरीजों की निजता, शांति और उपचार व्यवस्था सर्वोपरि होती है। ऐसे में परिसर में वीडियो बनाने के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं, यह जांच का विषय है।
आश्चर्य इस बात का भी है कि अस्प्ताल के भीतर और बाहर यह सब चलता रहा और इसकी भनक तक किसी को नही मिली। हालाँकि जैसे ही मामला प्रबन्धन के संज्ञान में आया उन्होंने निजी कालेज प्रबन्धन को नोटिस जारी कर घटना से अवगत कराया है। ताकी भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावर्ति्त ना हो।
इनका कहना….
मामला संज्ञान में आने के बाद, निजी कालेज प्रबन्धन को नोटिस देकर अवगत कराया जा चुका है। भविष्य में इस तरह की घटना ना हो इस पर नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी वसूलेंगे।
डॉ रानू वर्मा, आरएमओ जिला अस्पताल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




