Betul Samachar: वीसी में कहा था जल्द बैतूल आऊंगा, अगले ही दिन अचानक अस्पताल पहुंचे कमिश्नर

ओपीडी से लेकर दवा वितरण केंद्र तक व्यवस्थाएं परखीं, गंभीर मरीजों को परेशानी नहीं होने देने के निर्देश
Betul Samachar: बैतूल। स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त डॉ. धनराजू एस ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जल्द बैतूल आकर जिला अस्पताल का निरीक्षण करने की बात कही थी। उनकी यह बात अगले ही दिन हकीकत में बदल गई, जब शुक्रवार को वे अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए।
कमिश्नर के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे नजर आए। इस दौरान आयुक्त ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों और दवा वितरण केंद्र सहित अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

पर्ची काउंटर पर खुद कंप्यूटर चलाकर देखी व्यवस्था
निरीक्षण की शुरुआत अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित ओपीडी से हुई। कमिश्नर सबसे पहले पर्ची काउंटर पहुंचे और कर्मचारियों से मरीजों की पर्ची बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि पर्ची बनाने में मरीजों को कितनी देर लगती है और उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं होती।
इस दौरान उन्होंने स्वयं कंप्यूटर चलाकर भी व्यवस्था को परखा। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ओपीडी की पर्ची बनवाने के दौरान गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मरीजों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
डॉक्टरों से उपचार व्यवस्था की ली जानकारी
पर्ची काउंटर के बाद कमिश्नर ने विभिन्न ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल, सर्जरी, ईएनटी और नेत्र रोग ओपीडी में पहुंचकर डॉक्टरों से मरीजों के उपचार की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किस तरह की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति और आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई।
दवाओं की उपलब्धता और एक्सपायरी पर भी नजर
कमिश्नर दवा वितरण केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मचारियों से उपलब्ध दवाओं की संख्या, अनुपलब्ध दवाओं और एक्सपायरी दवाओं के प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि मरीजों को जरूरत के मुताबिक दवाएं उपलब्ध हो रही हैं या नहीं। इसके बाद आकस्मिक ओपीडी और दंत रोग ओपीडी का भी निरीक्षण किया।
कुछ स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत महसूस होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे और आरएमओ डॉ. रानू वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




