Betul Samachar: डॉ घोरे फुलफ्लैश सिविल सर्जन होंगे, राज्य शासन से आदेश जारी
Betul Samachar: Dr. Ghore will be full flash civil surgeon, order issued from state government

सांझवीर ने पूर्व में ही जताई थी संभावना, अस्पताल में दिखेंगे परिवर्तन
Betul Samachar: बैतूल। जिला चिकित्सालय में डॉ. जगदीश घोरे को राज्य शासन ने अब फुल फ्लैश सिविल सर्जन नियुक्त किया है। इस संबंध में 19 दिसंबर को वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ. राजू निदारिया संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं मप्र शासन ने आदेश जारी किए है। इस संबंध में सांझवीर टाईम्स ने पूर्व में ही संभावना जताई थी कि डॉ घोरे को जिला अस्पताल में फुल फ्लैश सिविल सर्जन बनाया जा सकता है और यह हुआ भी। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय बैतूल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा गत 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो गए। इनके स्थान पर डॉ. जगदीश घोरे को सिविल सर्जन का प्रभार दिया था।
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने राज्य शासन को जगदीश घोरे को सिविल सर्जन बनाने के लिए अनुशंसा पत्र भेजा था। राज्य शासन ने कलेक्टर के पत्र को स्वीकार कर लिया है। अब संचालनालय स्वास्थ्य सेवा मप्र शासन ने जारी किए गए आदेश में कहा कि प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश घोरे को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय बैतूल के प्रभार में पदस्थ किया जाता है। आदेश के बाद अब डॉ. घोरे फुलफ्लैश सिविल सर्जन का काम संभालेंगे। बताया जा रहा है कि सिविल सर्जन की नियुक्ति को लेकर तीन डॉक्टरों के नाम गए थे, जिसमें से डॉ. घोरे के नाम का सिविल सर्जन के लिए चयन हुआ है।
दिखेंगे कई परिवर्तन
सूत्र बताते हैं कि विधायक हेमंत खंडेलवाल के काफी करीबी होने का फायदा डॉ घोरे को मिल गया। पूर्व में खंडेलवाल ने ही डॉ बारंगा के अवकाश जाने पर प्रायोगिक तौर पर डॉ घोरे को प्रभार सौंपने के लिए कहा था और इसमें वे खरा उतरे थे, तभी संभावना जताई जा रही थी कि शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ घोरे अपनी निर्विवाद छवि के कारण फुलफ्लैश सिविल सर्जन बन सकते हैं। अब राज्य शासन से आदेश आने के बाद वे जिला चिकित्सालय के कायाकल्प के लिए कई क्रांतिकारी परिवर्तन और ठोस निर्णय लेकर मरीजों के हित में काम करेंगे।