Betul Ki Khabar: वेतन से 4 हजार की कथित वसूली, शिकायत की तो नौकरी से निकालने की धमकी!

डिप्टी रेंजर शिवनाथ वाघमारे पर वन सेवकों ने लगाए गंभीर आरोप, शिकायत के चार दिन बाद भी कार्रवाई का इंतजार
Betul Ki Khabar: बैतूल। वन विभाग में एक डिप्टी रेंजर पर अपने ही अधीनस्थ वन सेवकों से वेतन के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांगने और शिकायत करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। वन सेवकों का आरोप है कि डिप्टी रेंजर शिवनाथ वाघमारे उनसे हर महीने वेतन में से 4 हजार रुपए की मांग की जा रही है। मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से किए जाने के बावजूद चार दिन बीतने पर भी कार्रवाई नहीं होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि शिकायत से बौखलाए डिप्टी रेंजर अब वन सेवकों पर पैसे देने का दबाव बना रहे हैं।
शिकायतकर्ता वन सेवकों के मुताबिक, वन विभाग उन्हें प्रतिमाह 12 हजार वेतन देता है। पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वे आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। हाल ही में उनके बैंक खातों में चार महीने का वेतन जमा हुआ। आरोप है कि इसके बाद डिप्टी रेंजर शिवनाथ वाघमारे ने प्रत्येक कर्मचारी से चार महीने के हिसाब से 16-16 हजार रुपये की मांग की। वन सेवकों ने इस कथित वसूली के खिलाफ अधिकारियों से शिकायत की है।
शिकायत की तो नौकरी से हाथ धोने की धमकी!
वन सेवकों का आरोप है कि शिकायत के बाद डिप्टी रेंजर ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि हर महीने वेतन से चार हजार रुपये तो देने ही पड़ेंगे, अन्यथा सेवा समाप्त कर दी जाएगी। कर्मचारियों के मुताबिक, डिप्टी रेंजर कथित तौर पर यह भी कह रहे हैं कि उनकी शिकायत मुख्य वन संरक्षक, डीएफओ या मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कर दी जाए, तब भी उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
मामले में प्रशिक्षु आईएफएस एवं एसडीओ जितेंद्र कुमार ने कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन अब तक किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। डीएफओ अरिहंत कोचर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि गंभीर आरोपों की शिकायत मिलने के बाद भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? अब देखना होगा कि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों पर कार्रवाई करते हैं या वन सेवकों को न्याय के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
इनका कहना…
यदि वह सेवकों से राशि मांगी गई है तो यह गलत है। मामले की जानकारी ली जाएगी, जो दोषी होगा कार्यवाही की जाएगी।
जितेंद्र कुमार, प्रशिक्षु आईएफएस, दक्षिण वन मंडल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




