Betul Suicide News : धार के युवक ने जहर खाकर दी जान, डोहलन के मजदूर ने लगाई फांसी
Betul Suicide News: A youth from Dhar committed suicide by consuming poison, a labourer from Dohalan committed suicide by hanging himself

Betul Suicide News : मुलताई। प्रदेश के धार जिले के निवासी युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। वहीं प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम डोहलन निवासी मजदूर ने बाथरूम में फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया।
जिला धार के ग्राम केलिकला निवासी भूरेसिंह पिता कलमसिंह 20 साल को मंगलवार सुबह छिंदवाड़ा जिले के थाना लावाघोगरी के डायल 100 वाहन चालक ने ब्लॉक के ग्राम घाटपिपरिया में चिखलीकला टोल प्लाजा की एंबुलेंस को युवक भूरेसिंह की तबियत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ट्रांसफर किया था। एंबुलेंस युवक को लेकर सरकारी अस्पताल लाई। जहां उसका इलाज जारी था। भूरेसिंह की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मंगलवार को ही भूरेसिंह के बयान लेने के लिए अस्पताल पहुंची थी,लेकिन भूरेसिंह बेहोश था। इस कारण से घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। भूरेसिंह के पास मिले बैग में दस्तावेजों के आधार पर मृतक भूरेसिंह के परिवार को पुलिस ने जानकारी दी है। परिजनों के मुलताई पहुंचने पर ही घटना का खुलासा होगा। डॉक्टर गजेंद्र मीणा ने बताया भूरेसिंह ने जहरीला पदार्थ खाया था।
डोहलन के मजदूर ने लगाई फांसी
प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम डोहलन निवासी मजदूर कैलाश पिता नत्थू म्हाले 40 साल मंगलवार रात में खाना खाकर सो गया था। बुधवार सुबह 5 बजे कैलाश की मां काशीबाई सोकर उठी। बाथरूम गई तो वहां पर कैलाश लोहे के एंगल में रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखा। परिजनों ने घटना की सूचना साईखेड़ा पुलिस को दी। सूचना पर प्रधान आरक्षक दिलीप झरबडे घटना स्थल पहुंचे। मौके का पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल मुलताई लाया। श्रीझरबडे ने बताया मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।




