Betul Nagar Palika: नपा में निर्माण कार्यों के बजट पर सियासत, किसी वार्ड पर मेहरबानी तो किसी में कटौती

12 करोड़ से अधिक के कामों को मंजूरी, बजट के अभाव में धरातल पर नहीं दिख रहे विकास कार्य; टेंडर से लेकर अनुबंध और भूमिपूजन की तैयारी तक उलझी प्रक्रिया
Betul Nagar Palika: बैतूल। नगरपालिका परिषद बैतूल में वार्डों के विकास के लिए निर्माण कार्यों की लंबी सूची तैयार कर उन्हें स्वीकृति तो दे दी गई है, लेकिन बजट की उपलब्धता और आवंटन के असमान वितरण ने विकास कार्यों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थिति यह है कि करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्य प्रस्तावित होने के बावजूद कई काम अब तक धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। नगर पालिका की निर्माण कार्यों की सूची के अनुसार अलग-अलग वार्डों में सड$क, नाली, सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, पेवर ब्लॉक, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें कुछ कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, जबकि कुछ टेंडर प्रक्रिया, अनुबंध और अन्य औपचारिकताओं के दौर में हैं।
वार्डों में विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन को लेकर भी पार्षदों के बीच असंतोष की स्थिति बताई जा रही है। आरोप हैं कि कुछ वार्डों को अपेक्षाकृत अधिक राशि मिली है, जबकि कुछ वार्डों के प्रस्तावों में कटौती की गई है। खासकर कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में बजट कम किए जाने की चर्चा के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में विकास कार्यों की स्वीकृति और वास्तविक क्रियान्वयन के बीच का अंतर नगर पालिका के लिए चुनौती बन गया है।
वार्डवार निर्माण कार्यों पर एक नजर
नगर पालिका की सूची में दर्ज राशि के अनुसार, वार्डों में विकास कार्यों के बजट में बड़ा अंतर दिखाई देता है। कुछ वार्डों में एक करोड़ से अधिक के कार्य प्रस्तावित हैं, जबकि कई वार्डों में स्वीकृत निर्माण कार्यों की कुल राशि 30 से 60 लाख के आसपास है।
वार्ड वार्ड का नाम सूची में दर्शाई गई कुल राशि
6 गांधी वार्ड 84.94 लाख
16 चंद्रशेखर वार्ड 13.07 लाख
17 भगतसिंह वार्ड 33.36 लाख
18 पटेल वार्ड 1.46 करोड़
19 शास्त्री वार्ड 31.83 लाख
22 टैगोर वार्ड 61.37 लाख
23 जयप्रकाश वार्ड 47.70 लाख
24 हुसैन वार्ड 54.28 लाख
25 रामनगर वार्ड 46.82 लाख
26 जवाहर वार्ड 83.05 लाख
27 गणेश वार्ड 33.16 लाख
28 विकास वार्ड 57.81 लाख
29 राजेन्द्र वार्ड 35.71 लाख
30 तिलक वार्ड 1.55 करोड़
31 विनोबा वार्ड 56.33 लाख
32 शंकर वार्ड 1.90 करोड़
33 विवेकानंद वार्ड 36.58 लाख शामिल हैं।
कहीं करोड़ों के काम तो कहीं सीमित बजट
सूची में वार्ड 32 में लगभग 1.90 करोड़ , वार्ड 30 में करीब 1.55 करोड़ रुपये और वार्ड 18 में लगभग 1.46 करोड़ के निर्माण कार्य दर्ज हैं। इसके विपरीत, वार्ड 16 में करीब 13.07 लाख के कार्य ही सूचीबद्ध हैं। वार्ड 17, 19, 27 और 29 में भी निर्माण कार्यों की कुल राशि अपेक्षाकृत कम है। हालांकि, केवल कुल राशि के अंतर से बजट आवंटन में पक्षपात साबित नहीं होता।
इसके लिए प्रत्येक वार्ड की जरूरत, स्वीकृत कार्यों की संख्या, पुराने लंबित कार्यों और प्रस्तावों में की गई कटौती का तुलनात्मक ब्योरा सामने आना जरूरी है। यही जानकारी स्पष्ट कर सकेगी कि बजट का वितरण जरूरत के आधार पर हुआ है या इसके पीछे कोई राजनीतिक समीकरण भी है।
टेंडर जारी, लेकिन निर्माण शुरू होने का इंतजार
नगर पालिका की सूची में कई कार्यों के सामने टेंडर जारी होने, टेंडर प्रक्रिया जारी रहने और अनुबंध संबंधी सूचना की स्थिति दर्ज है। सड$क निर्माण, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक, रिटेनिंग वॉल तथा सामुदायिक भवन जैसे कार्य वार्डों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े हैं। ऐसे में इनकी स्वीकृति के बाद समय पर काम शुरू होना महत्वपूर्ण है।
निर्माण कार्यों की सूची में दर्ज राशि स्वीकृत या प्रस्तावित कार्यों की लागत को दर्शाती है, इसे खर्च हो चुकी राशि नहीं माना जा सकता। वास्तविक प्रगति का पता तभी चलेगा, जब यह स्पष्ट हो कि कितने कार्यों के कार्यादेश जारी हुए, कितनों को ठेकेदारों ने शुरू किया और कितने अब भी बजट या प्रशासनिक प्रक्रिया में अटके हैं।
भूमिपूजन से पहले उठ रहे सवाल
नगर पालिका इन कार्यों का भूमिपूजन सांसद एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और विधायक तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से कराने की तैयारी कर रही है। भूमिपूजन से विकास कार्यों की शुरुआत का संदेश जरूर जाएगा, लेकिन वार्डवासियों की अपेक्षा इससे आगे की है। वे जानना चाहते हैं कि स्वीकृत कामों के लिए राशि कब उपलब्ध होगी और निर्माण कब पूरा होगा।
वहीं, वार्डवार बजट में कथित कटौती को लेकर उठ रहे सवालों पर नगर पालिका को भी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। यदि बजट आवंटन जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर किया गया है, तो उसका आधार सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इससे पार्षदों के बीच असंतोष दूर करने और विकास कार्यों को लेकर पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी। अब निगाह इस बात पर है कि नगर पालिका की निर्माण कार्यों की सूची कागजों से निकलकर वार्डों में कब दिखाई देती है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




