मिलानपुर टोल गेट की अधिकांश लेन बंद, मात्र 2 शुरू
वाहनों की लग रही लाइनें, समय भी हो रहा खराब

बैतूल। भले ही केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा टोल नाकों को आधुनिक बनाए जाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हो, लेकिन संचालक अपने मनमुताबिक ही टोल का संचालन कर रहे हैं। मामला है नेशनल हाइवे फोरलेन 47 का जहां पर टोल की वसूली के लिए 8 लेन बनाई गई हैं।
यहां पर अक्सर देखने में आ रहा है कि टोल की 6 लेन बंद रखी जाती हैं। सिर्फ दो लेन से ही वसूली करने पर वाहनों की जहां लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। वाहन चालकों का समय भी खराब हो रहा है। बैतूल से नागपुर और नागपुर से बैतूल आने वाले कई वाहन चालकों ने टोल पर हो रही समस्या से हमे अवगत कराया है। चालकों के कहना है कि टोल नाका प्रबन्धन कभी भी लेन बन्द कर देते हैं, जिससे चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
30 सेकेंड में कट जाती राशि, समय खर्च हो रहा 15 मिनट
टोल नाके पर बरती जा रही लापरवाही को लेकर वाहन कुछ वाहन चालकों ने बताया कि मिलानपुर टोल नाका फास्टैग पर आधारित है। जहां वाहन के पहुंचते ही मात्र 30 सेकेंड के भीतर राशि ट्रांसफर होते ही वाहन तत्काल रवाना भी हो जाते हैं, लेकिन कुछ लेन के बन्द होने से चालकों को अपने वाहन लाइनों में लगाना पड़ता है। फास्टैग की जद तक पहुंचने में ही 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। यदि टोल की सभी लेन्स चालू रखी जाए तो वाहन चालक परेशानियों से बच सकते हैं।
इनका कहना…
टोल नाके पर कोई भी लेन बन्द नहीं कि जाती है। केवल आपातकाल और एम्बुलेंस के निकलने के लिए दो लेन रिजर्व रखना पड़ता है।
धर्मवीर सिंह गुर्जर, मैनेजर,टोलनाका, मिलानपुर




