Betul News: स्ट्रीट पोल का वर्षों से सुरक्षा ऑडिट नहीं, बड़ा हादसों का खतरा

टूट चुके हैं बॉक्स, खुले पड़े हैं तार, करंट की आशंका के बीच सड़कों से गुजर रहे लोग

Betul News: बैतूल। शहर में नगरपालिका के स्ट्रीट लाइट पोल की बदहाल स्थिति लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। वर्षों से स्ट्रीट लाइट पोल का सुरक्षा ऑडिट नहीं होने के कारण कई स्थानों पर विद्युत पोल पर लगे बॉक्स टूट चुके हैं, जबकि तार खुले पड़े हैं। ऐसे में करंट लगने और हादसे होने का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद नगरपालिका द्वारा व्यवस्था सुधारने के लिए गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

शहर की प्रमुख सड़कों के बीच और किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापित किए गए हैं। इन पोलों पर लगे विद्युत बॉक्स की स्थिति कई जगह खराब हो चुकी है। कहीं बॉक्स के कवर टूटे हैं तो कहीं विद्युत तारों पर टेप लपेटकर काम चलाया जा रहा है।

कई पोलों से पैनल प्लेट भी गायब हैं। कम ऊंचाई पर लगे बॉक्स और खुले तार राहगीरों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। इन मार्गों पर दिन-रात लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होना जरूरी है।

मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति के आरोप

स्ट्रीट लाइट पोल के रखरखाव पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। विद्युत पोल के बॉक्स, वायरिंग और अन्य उपकरणों की नियमित जांच नहीं होने से सुरक्षा संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। स्थानीय स्तर पर मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि नगरपालिका को केवल खराब लाइट बदलने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पोल की वायरिंग, बॉक्स और अन्य विद्युत उपकरणों की भी जांच करानी चाहिए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी दिन गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

जगह-जगह बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइट

शहर में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है। प्रमुख मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था प्रभावित होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतों के बावजूद खराब लाइट समय पर नहीं बदले जाने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

शहरवासियों की मांग है कि नगरपालिका सभी स्ट्रीट लाइट पोल का सुरक्षा ऑडिट कराए। टूटे हुए बॉक्स बदले जाएं, खुले तारों को सुरक्षित किया जाए और बंद पड़ी लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को संभावित विद्युत हादसों और अंधेरे की समस्या से राहत मिल सके।

इनका कहना….

मैं अभी जरूरी काम में व्यस्त हूं। मुझे जानकारी व्हाट्सएप कर दीजिए मैं इसे दिखवाता हूं। 

नवनीत पाण्डेय, सीएमओ, नगरपालिका, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button