Betul News: लोक अदालत से नपा को राहत, वेतन की राह आसान

Betul News: Relief to Nagar Palika from Lok Adalat, the way for salary is easy

69 लाख राजस्व वसूली आई, कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन शीघ्र मिलेगा

Betul News: बैतूल। शनिवार को जिले के 29 खंडपीठों में हुई लोक अदालतों में कई पुराने मामलों में सुलह हुई है। इसमें राजस्व और पारिवारिक मामले सबसे अधिक है। इधर नगरपालिका को भी कल हुई लोक अदालत में फौरी तौर पर राहत दे दी है। दरअसल बैतूल नपा की वित्तीय स्थिति पिछले 2-3 माह से ठीक नहीं चल रही है।

गत माह भी कर्मचारियों को 45 दिन बाद बमुश्किल वेतन मिल पाया था। इस माह राजस्व की वसूली बढ़ाने के लिए सीएमओ ने सभी राजस्व कर्मियों को 25 हजार रुपए प्रतिदिन का लक्ष्य दिया है। शनिवार को लोक अदालत से नपा को 69 लाख से अधिक का राजस्व मिला है। इससे अगस्त माह का वेतन कर्मचारियों को शीघ्र मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

वित्तीय स्थिति गड़बड़ाने के बाद नपा विभिन्न स्त्रोतों से राजस्व बढ़ाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आमदनी चवन्नी, खर्च रुपैया ने स्थिति को काफी बिगाड़ दिया है। इधर तथाकथित राजनैतिक दबाव के कारण नपा ने 60 आउटसोर्स कर्मचारियों को रखकर अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है। इनका अतिरिक्त 5 से 6 लाख रुपए वेतन हर माह करना किसी चुनौती से कम नहीं है। इस बीच हालात बिगड़ने पर सीएमओ ने भी राजस्व निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों, सहायक उपनिरीक्षकों को 25 हजार रुपए प्रतिदिन वसूली का लक्ष्य दिया है।

यह लक्ष्य शुरू हो पाता, इसके पहले नपा ने शनिवार को आयोजित लोक अदालत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। पूर्व राजस्व निरीक्षक और शाखा प्रमुख सुभाष प्रजापति को सीएमओ सतीष मटसेनिया ने सामंजस्य स्थापित कर लक्ष्य पूरा करने का जिम्मा सौंपा है। उनके नेतृत्व में शनिवार को आयोजित लोक अदालत में अपील के बाद लोगों ने 69.15 लाख का राजस्व नपा में जमा किया है। इसमें सर्वाधिक 54 लाख रुपए अकेले संपत्तिकर के रूप में मिले हैं। शेष राशि जलकर एवं अन्य करों की मिली है।

अगस्त माह के वेतन की राह आसान

नपा की वित्तीय स्थिति गड़बड़ाने के बाद बमुश्किल दो माह से वेतन के लिए जुगाड़ किया जा रहा है। नपा में कुल 500 कर्मचारी मौजूद है। इनमें 300 से अधिक दैवेभोग है और छोटे कर्मचारी है। इन्हें वेतन के रूप में हर माह ढाई करोड़ रुपए देना पड़ता है। इसके अलावा करीब 150 स्थाई कर्मचारियों को डेढ़ करोड़ रुपए वेतन दिया जाता है। छोटे कर्मचारियों का वेतन तो नपा विभिन्न मदों से दे दी रही है पर स्थाई कर्मचारियों के वेतन मेें लेटलतीफी से परेशानी बढ़ गई है।

रक्षा बंधन का पर्व भी स्थाई कर्मचारियों ने बिना वेतन के मनाया था। राजस्व कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा था। गत माह बमुश्किल 23 अगस्त को जुलाई माह का वेतन मिल पाया था। हालांकि इस माह लोक अदालत से 69 लाख की वसूली आने से कर्मचारियों को वेतन के लाले नहीं पड़ेंगे।

इनका कहना………

राजस्व वसूली की रफ्तार बढ़ाने के लिए सभी राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। लोग अदालत में करीब 70 लाख का राजस्व मिला है। इस माह सभी कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा।

सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button