Betul News: 1 इंच के बेस पर बिछ रहे ब्लॉक, कितने दिन टिकेगा थाना चौक का विकास?

चौराहे के चौड़ीकरण में ठेकेदार की मनमानी के आरोप, मॉनिटरिंग पर भी उठे सवाल
Betul News: बैतूल। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के नाम पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। थाना चौक पर चल रहे ब्लॉक लगाने के काम में कथित तौर पर मानकों की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि यहां ब्लॉक लगाने के लिए तैयार किए जा रहे बेस में महज करीब एक इंच सीमेंट-कांक्रीट की परत डाली जा रही है, जबकि निर्माण कार्य से जुड़े जानकारों के अनुसार ऐसे बेस की मजबूती के लिए इससे अधिक मोटाई की आवश्यकता होती है।
इधर अधिकारियों का कहना है कि बेस मजबूती के हिसाब से डाला जा रहा है, क्योंकि टर्निंग पर ब्लाक उखड़ना नहीं चाहिए। अब ब्लाक कितने दिन टिकेंगे यह आने वाला समय ही बताएगा।
डस्ट के ऊपर डाला जा रहा पतला बेस
बताया जा रहा है कि थाना चौक पर सड़क के मोड़ वाले हिस्से में पहले गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इसके बाद डस्ट बिछाकर उसके ऊपर सीमेंट-कांक्रीट का बेहद पतला बेस तैयार किया जा रहा है और इसी पर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं।
मौके की स्थिति को देखकर निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बेस पर्याप्त मजबूत नहीं हुआ तो वाहनों की आवाजाही और बारिश के बाद ब्लॉक अपनी जगह से खिसक या उखड़ सकते हैं।
आज बचत, कल दोबारा खर्च का खतरा
निर्माण में यदि मानकों के अनुरूप सामग्री और बेस तैयार नहीं किया गया तो इसका सीधा असर काम की उम्र पर पड़ सकता है। कमजोर बेस के कारण कुछ समय बाद ब्लॉक धंसने या उखड़ने की स्थिति बनती है तो सड़क को दोबारा दुरुस्त कराने में सरकारी राशि खर्च होगी। ऐसे में सवाल यह है कि जिस काम पर जनता के टैक्स का पैसा खर्च किया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
मॉनिटरिंग कौन कर रहा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग होना बेहद जरूरी है। मौके पर ठेकेदार द्वारा किस तरह काम किया जा रहा है, बेस की मोटाई और इस्तेमाल होने वाली सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच जिम्मेदार अधिकारियों को करनी चाहिए।
लोगों का कहना है कि विकास कार्य केवल पूरा कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन भी सुनिश्चित होना चाहिए। थाना चौक शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। ऐसे में यहां किया जा रहा निर्माण यदि जल्द खराब होता है तो लोगों की परेशानी के साथ सरकारी धन की दोहरी बर्बादी का खतरा भी रहेगा। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता की जांच करते हैं या काम इसी तरह आगे बढ़ता रहता है।
इनका कहना….
टर्निंग पर बेस इसलिए डाला जा रहा है कि ब्लाक उखड़ने की संभावना बनती है, बेस डालने के बाद ब्लाक नहीं उखड़ेंगे।
पंकज धुर्वे, इंजीनियर नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




