Betul News: कालेज मार्ग से सभा स्थल पुलिस ग्राउंड पहुंचेंगे सीएम

खस्ताहाल मार्ग की मरम्मत का काम शुरू, तैयारियां तेज

Betul News: बैतूल। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों में शामिल कॉलेज चौक का लंबे समय से चला आ रहा खस्ताहाल स्वरूप अब बदलने जा रहा है। यह वहीं चौराहा है, जहां लम्बे समय से नागरिक हिचकोले खाते निकलने पर मजबूर थे। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को देखते आनन-फानन में नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग द्वारा कॉलेज चौक के कायाकल्प का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। वर्षों से जर्जर हालत में पड़े इस चौराहे पर गड्ढों, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित यातायात के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अब दूर करने की कोशिश की जा रही है। पूर्व में सीएम और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का काफिला थाना चौक, लल्ली चौक होते हुए पुलिस ग्राउंड पहुंचने वाला था, लेकिन अब इसमें बदलाव की खबर है। अब यह काफिला मुर्गी चौक, कालेज चौक होते हुए पुलिस ग्राउंड पहुंचेगा, इसलिए इस मार्ग का कायाकल्प किया जा रहा है।

मरम्मत, पैचवर्क के साथ हो रहा डामरीकरण

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का हेलीकॉटर कोठीबाजार न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में उतारा जाएगा। यहां भी हेलीपेड बनाया जा रहा है। यहां से मुख्यमंत्री कमानी गेट, गणेश चौक, आकाशवाणी, कालेज चौक होते एसपी कार्यालय मार्ग से कार्यक्रम स्थल पुलिस ग्राउंड तक पहुंचेंगे। इसी मार्ग में कॉलेज चौक प्रमुख पड़ाव के रूप में पड़ता है। मुख्यमंत्री के काफिले के सुचारु आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते इस पूरे मार्ग की मरम्मत, पैचवर्क, डामरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। सड़क किनारे फैले मलबे को हटाया जा रहा है। गड्ढों को भरा जा रहा है और जहां आवश्यक है वहां नई लेयर बिछाई जा रही है।

आम नागरिकों ने की स्थायी समाधान की अपेक्षा

कॉलेज चौक शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम स्थान माना जाता है। यहां से कॉलेज, आकाशवाणी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, तहसील कार्यालय सहित कई प्रमुख सरकारी संस्थानों का रास्ता गुजरता है। ऐसे में इस चौराहे की बदहाल स्थिति शहर की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही थी। स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों द्वारा लंबे समय से चौक के सुधार की मांग की जा रही थी, जो अब मुख्यमंत्री के आगमन के चलते पूरी होती नजर आ रही है। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री दौरे के मद्देनज़र केवल सड़क मरम्मत ही नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन द्वारा भी रूट चार्ट के अनुसार सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्य केवल वीआईपी दौरे तक सीमित न रहकर स्थायी समाधान के रूप में किया जाना चाहिए। नागरिकों की अपेक्षा है कि कॉलेज चौक का कायाकल्प मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी बरकरार रहे ताकी शहर को एक सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था मिले। फिलहाल यह अच्छी बात है कि भले ही मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कॉलेज चौक और उससे जुड़े मार्गों की सूरत बदलती नजर आ रही है लेकिन आम नागरिकों को भी समय पर सुविधा मिले इसका ध्यान भी रखा जाना जरूरी है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button