Betul News: वृद्धा की समस्या के बहाने अपनी ही नप पर बरसी भाजपा मंडल अध्यक्ष, शाहपुर में फिर गुटबाजी

भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद ने सोशल मीडिया पर उठाए नप की कार्यप्रणाली पर सवाल

Betul News: शाहपुर। सत्ता पक्ष की पार्षद और भाजपा मंडल अध्यक्ष ने अब अपनी ही नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद नीतू गुप्ता ने अपने वार्ड की एक बुजुर्ग महिला के जर्जर मकान का मुद्दा उठाते हुए तत्काल स्थल निरीक्षण और नियमानुसार मदद की मांग की है।

उनका कहना है कि बुजुर्ग महिला का मकान बेहद खराब स्थिति में है और कभी भी हादसा हो सकता है। इसके बावजूद कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

‘जनप्रतिनिधि की बात भी नहीं सुनी जा रही तो आम आदमी का क्या?Ó

नीतू गुप्ता ने कहा कि वह भाजपा संगठन में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि के रूप में उनके लिए वार्ड की जनता की समस्या सबसे महत्वपूर्ण है। जब एक गरीब बुजुर्ग महिला की समस्या को लेकर बार-बार अधिकारियों को बताने के बाद भी सुनवाई नहीं होती, तो यह सिर्फ उनकी बात की अनदेखी नहीं, बल्कि आम नागरिक की आवाज का सवाल है।

उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए आवास योजनाएं संचालित हैं, लेकिन जरूरतमंद बुजुर्ग आज भी जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के चयन और पात्रता की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

पट्टों की सूची सार्वजनिक करने की मांग

पार्षद ने नगर परिषद में पट्टा वितरण को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। उनका कहना है कि पट्टों से संबंधित सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होने से आम नागरिक यह नहीं जान पाते कि किन लोगों को किस आधार पर पट्टे दिए गए हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची भी सार्वजनिक किए जाने की मांग उन्होंने की है।

उनका कहना है कि योजनाओं से जुड़ी जानकारी ऐसी भाषा और तरीके से उपलब्ध होनी चाहिए, जिसे आम नागरिक आसानी से समझ सकें।

पीआईसी की बैठकें नहीं होने पर भी सवाल

नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर नीतू गुप्ता ने पीआईसी की नियमित बैठकें नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि पार्षदों की बैठक नियमित रूप से होनी चाहिए, लेकिन कई महीनों से बैठक नहीं हुई है। इससे परिषद की निर्णय प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ आरोप लगाना नहीं है। उनकी मांग केवल इतनी है कि परिषद की सभी प्रक्रियाएं नियम के अनुसार और पारदर्शी तरीके से हों। यदि कहीं अनियमितता है तो निष्पक्ष जांच हो और यदि सब कुछ नियमों के मुताबिक है तो संबंधित जानकारी जनता के सामने रखी जाए।

‘गरीब की आवाज सुनना एहसान नहीं, जिम्मेदारी है

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने नगर परिषद से बुजुर्ग महिला के मकान का तत्काल निरीक्षण कराने, उसकी स्थिति के अनुसार नियमानुसार आवास एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पट्टा, प्रधानमंत्री आवास और अन्य योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button