Ganesh Visarjan : गणेश विसर्जन में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

400 से अधिक जवान संभालेंगे मोर्चा, सीसीटीवी-ड्रोन से होगी निगरानी, जुलूस की वीडियोग्राफी भी कराएगी पुलिस

Ganesh Visarjan : बैतूल। अनंत चतुर्दशी पर 25 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शहर में निकलने वाले गणेश विसर्जन जुलूस और विसर्जन स्थलों पर इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी।

जुलूस मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विसर्जन के दौरान किसी भी व्यक्ति ने माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को गणेश विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं।

एसपी और एएसपी स्वयं भी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस शुरू होने से लेकर विसर्जन पूरा होने तक लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखें।

जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थल तक निगरानी

25 सितंबर को सुबह से ही पुलिसकर्मियों की तैनाती शुरू कर दी जाएगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। पुलिस की विशेष टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगी। किसी भी स्थान पर भीड़ बढ़ने, विवाद की स्थिति बनने या यातायात प्रभावित होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जुलूस के दौरान पुलिस द्वारा वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसका उद्देश्य जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी विवाद की स्थिति में घटनाक्रम की जानकारी जुटाना रहेगा। पुलिस ने गणेश समितियों से भी जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों और मार्ग का पालन करने की अपील की है।

36 सीसीटीवी कैमरों से होगी लाइव निगरानी

शहर में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों को भी गणेश विसर्जन को देखते हुए दुरुस्त किया गया है। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में सांसद निधि और व्यापारियों के सहयोग से 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से कोतवाली में बैठकर प्रमुख स्थानों की लाइव निगरानी की जाएगी।

थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के लिए दो ड्रोन की व्यवस्था भी की गई है। जुलूस के दौरान इन ड्रोन के माध्यम से आसमान से भी निगरानी रखी जाएगी। इससे भीड़ वाले क्षेत्रों और जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों की टीम जरूरत के अनुसार ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालेगी।

400 से अधिक जवान रहेंगे तैनात

गणेश विसर्जन के दौरान बैतूल शहर में करीब 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अतिरिक्त बल के लिए पुलिस की दो कंपनियां भी मांगी गई हैं। संभावना है कि पचमढ़ी या छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल बैतूल पहुंचेगा। 25 सितंबर को सुबह से शुरू होने वाली पुलिस बल की तैनाती 26 सितंबर तक जारी रहेगी।

विसर्जन स्थल पर भी सुरक्षा के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन की कोशिश है कि विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

विवादित लोगों को जुलूस से दूर रखने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने सभी गणेश समितियों से शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ जुलूस निकालने की अपील की है। समितियों से कहा गया है कि विवादित या उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों को जुलूस में शामिल होने से दूर रखें। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना दें।

पुलिस का कहना है कि गणेश विसर्जन धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है। इसलिए सभी समितियां, श्रद्धालु और नागरिक आपसी सहयोग के साथ शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन संपन्न कराएं। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

इनका कहना….

गणेश विसर्जन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियोग्राफी के माध्यम से जुलूस पर नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाहर से पुलिस बल के लिए दो कंपनियों की मांग की है। माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

वीरेन्द्र जैन, एसपी बैतूल 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button