Betul News: Video: घटिया भोजन से गुस्साएं एकलव्य के छात्र-छात्राओं का पैदल बैतूल कूच

Betul News: Video: Angered by poor food, Eklavya students march to Betul on foot

कलेक्टर को भनक लगी तो बरेठा से बसों में वापस ले गए, नर्स पर गर्भनिरोधक दवा खिलाने के भी गंभीर आरोप

Betul News: बैतूल/शाहपुर। शाहपुर के एकलव्य आदिवासी विद्यालय में तमाम कवायद के बावजूद व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व में हुए यहां घोटाले और अन्य कांड की खबरें सांझवीर टाईम्स में सिलसिलेवार प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर ने छोटे कर्मचारियों को निलंबन के साथ प्राचार्य को निलंबित कर दिया था। मामले की सुर्खियां थमी ही थी कि एक बार फिर यहां के छात्र-छात्राओं ने घटिया भोजन और अन्य व्यवस्थाओं से नाराज होकर बुधवार कलेक्टर से मिलने पैदल बैतूल कूच कर गए।

एसडीएम और अन्य अधिकारी विद्यार्थियों को समझाइश देते रहे, लेकिन वे नहीं माने। जैसे ही कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को यह जानकारी मिले , वे बिना देरी किए एकलव्य के विद्यार्थियों से मिलने खुद रवाना हुए। बरेठा तक पहुंच चुके बच्चों को बसों से शाहपुर ले जाया गया। यहां पर करीब एक घंटे तक कलेक्टर ने उनकी समस्या पूछी। इसके सभी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। बताया जाता है कि शाम तक इस लापरवाही पर एकलव्य आदिवासी विद्यालय के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर की व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं आ रही है। प्राचार्य समेत स्टाफ बदलने के बावजूद हालात यह है कि विद्यार्थियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आवासीय विद्यालय की व्यवस्था ठीक करने के लिए विद्यार्थी कई दिनों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन न तो अधीक्षक-प्राचार्य और न ही सहायक आयुक्त ने शिकायत मिलने के बाद कड़े कदम नहीं उठाए। नतीजा यह हुआ कि बुधवार को करीब 120 विद्यार्थी आवासीय विद्यालय के सामने एकत्रित हो गए और कलेक्टर को समस्या बताने के लिए बैतूल जाने लगे। यह जानकारी मिलते ही शाहपुर एसडीएम और अन्य अधिकारी पहुंच गए और उन्होंने विद्यार्थियों को व्यवस्था सुधारने की समझाइश दी, लेकिन काफी देर तक समझाइश के बावजूद विद्यार्थी नहीं माने। सभी कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े रहे।

साधन नहीं मिला तो तख्तियां लेकर पैदल निकले

एसडीएम और अन्य अधिकारियों की समझाइश पर न मानने के बाद करीब 120 छात्र-छात्राएं तख्तियों पर नारे लिखकर पैदल बैतूल की ओर निकल गए। रास्ते में सभी छात्र-छात्राएं एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। शाहपुर से सुबह 10 बजे सभी छात्र-छात्राएं कूच करते हुए बरेठा के आगे तक पहुंच गए। इस दौरान प्रशासन और आवासीय विद्यालय के अधिकारी भी वाहनों से उनके साथ चल रहे थे, ताकि उनकी निगरानी की जा सके। हालांकि किसी ने विद्यार्थियों को रोकने का प्रयास नहीं किया। शाहपुर से करीब 7 किमी तक विद्यार्थी बरेठा के आगे तक जा पहुंचे।

कलेक्टर ने दिखाई सह्दयता, खुद मिलने पहुंचे

बताया जाता है कि संवेदनशील कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को बच्चों की जिद के बारे में पता चला तो वे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को निरस्त करते हुए शाहपुर रवाना हो गए। सबसे पहले उन्होंने संदेश भेजा कि वे खुद उनसे मिलने आ रहे हैं। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को वाहनों से बैठाकर वापस शाहपुर ले जाया गया। कलेक्टर करीब आधा घंटा बाद शाहपुर पहुंचे। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एकलव्य आवासीय विद्यालय के बंद कमरे में कलेक्टर ने सभी से एक-एक कर उनकी समस्या पूछी। नाराज छात्र-छात्राओं से उन्होंने परिसर के बाहर भी समस्याओं को पूछकर मौके पर मौजूद प्राचार्य और अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई और कहा कि वे कार्रवाई के लिए तैयार रहे।

कलेक्टर ने माना लापरवाही हुई, चेतावनी भी दी

विद्यार्थियों से चर्चा के बाद कलेक्टर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि एकलव्य आवासीय विद्यालय में समस्या सामने आई है। इस संबंध में एसडीएम और सहायक आयुक्त को समस्या बताई थी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था, इसलिए मैं खुद विद्यार्थियों से चर्चा करने आया हूं। मैंने दो घंटे सभी चर्चा की है। सभी को निर्देश दिए हैं कि बेहतर खान-पान और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए।

उन्होंने बताया कि सहायक आयुक्त को जांच के निर्देश दिए है। इसमें जो भी दोषी होगा उसे निलंबित करेंगे। खाना बनाने वाले कुक से भी बात की है। विद्यार्थियों ने बताया कि दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता अच्छी नहीं है। इसकी नियमित मानीटरिंग के लिए सहायक आयुक्त और एसडीएम को निर्देशित किया है। भविष्य में विद्यार्थियों को किसी बात की दिक्कत न हो, इस बात का ध्यान रखने के स्पष्ट निर्देश दिए है।

नर्स के खिलाफ भड़क गुस्सा, कार्रवाई की संभावना

एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर की लापरवाही की दास्तां कोई नई नहीं है। इस बार जब कलेक्टर खुद विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे तो यहां की अव्यवस्थाओं की पोल विद्यार्थियों ने खोल दी। कलेक्टर जब विद्यार्थियों से चर्चा कर रहे थे तो उन्होंने बताया कि सब्जी की गुणवत्ता काफी घटिया है, रोटी कच्ची दी जा रही है। साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था में कई बार बोलने के बाद भी सुधार नहीं हो सका। इसी वजह कलेक्टर से मिलने बैतूल जा रहे थे। छात्राओं से जब कलेक्टर ने चर्चा की तो उन्होंने यह कहकर सनसनी फैला दी की छात्रावास की नर्स ने गर्भनिरोधक गोलियां जानबूझकर दे दी। विरोध करने पर सभी छात्राएं डरती है। सभी छात्राओं ने कलेक्टर से यहां की नर्स को हटाने का आग्रह किया है।

इनका कहना…

एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना है। जो शिकायतें मिली है, उसके निराकरण के निर्देश दिए हैं। सहायक आयुक्त को जांच का जिम्मा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थी देश का भविष्य है, उनके मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button