Betul News: मोटर फॉल्ट के बाद गंदा-बदबूदार पानी सप्लाई, फिर उठे जल व्यवस्था पर सवाल

सुबह पानी को तरसे लोग, दोपहर बाद सप्लाई बहाल हुई तो माचना का मटमैला पानी घरों तक पहुंचा
Betul News: बैतूल। सोमवार को शहर की जल सप्लाई व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब सुबह फिल्टर प्लांट की मोटर में तकनीकी फॉल्ट आने से गंज और कोठीबाजार क्षेत्र के कुछ वार्डों में पानी की सप्लाई प्रभावित रही।
आनन-फानन में मोटर की रिपेयरिंग कराई गई और दोपहर बाद सप्लाई शुरू हुई, लेकिन इसके बाद कुछ वार्डों में मटमैले और बदबूदार पानी की शिकायत सामने आने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। हालांकि नपा के अधिकारी समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सप्लाई के दौरान सुभाष वार्ड, दुर्गा वार्ड और मालवीय वार्ड सहित कुछ क्षेत्रों में लोगों ने पानी के साफ नहीं होने की शिकायत की। लोगों के अनुसार माचना नदी से आने वाला पानी मटमैला होने के साथ बदबूदार भी था। ऐसे में नलों से आए पानी को पीने और घरेलू उपयोग में लेने को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त रही। कई परिवारों को पानी का उपयोग करने से पहले उसे अलग रखना पड़ा।
जल शाखा प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि अधिक बारिश होने से माचना नदी में मिट्टी युक्त स्थिति बनी थी। नदी के पानी में मिट्टी की मात्रा अचानक बढ़ गई थी, जिसके कारण पानी हल्का मटमैला आया है। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई की गई, लेकिन वहां से इस तरह की कोई शिकायत अभी प्राप्त नहीं हुई है।
फिल्टर प्लांट की व्यवस्था पर भी उठे सवाल,मोटर में भी आया फॉल्ट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान नदी का पानी लगातार मटमैला होने के बावजूद फिल्टर प्लांट में पानी की सफाई और निगरानी व्यवस्था को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। लोगों ने प्लांट पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि कर्मचारी हाजिरी लगाने के बाद मौके पर पर्याप्त समय नहीं देते।
जलशाखा के उपयंत्री राहुल शर्मा का कहना है कि आज सुबह मोटर खराब होने की जानकारी मिलते ही मरम्मत कराकर जल सप्लाई बहाल कर दी गई। बारिश के कारण पानी में बढ़ी मिट्टी की मात्रा को देखते हुए फिल्टर प्लांट की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है। प्रयास किये जा रहे हैं कि, लोगो के घरों में साफ और स्वच्छ पानी की जल्द सप्लाई की जाएगी।




