Betul Bhu-Mafia: रेत माफियाओं के बाद अब भूमाफियाओं की बारी!

सभी को कलेक्टर-एसपी की जोड़ी से कालोनाइजरों पर कार्रवाई की उम्मीद, सबसे अधिक यही मामले आ रहे सामने

बैतूल। वर्षों बाद बैतूल में कलेक्टर और एसपी के बीच जबरदस्त तालमेेल देखने को मिल रहा है। इसकी बानगी पिछले दो तीन प्रकरणों में देखने को मिल चुकी है। सबसे बड़ी बात यह है कि लोकसभा जैसे बड़े चुनाव जिले में बिना किसी विवाद के निर्विंघ्न निपट गए। इसका श्रेय कहीं न कहीं कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एस झारिया की जोड़ी को जाता है। पिछले दिनों जिस तरह नकेल कसते हुए रेत माफियाओं पर कार्रवाई की गई, इससे हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर और एसपी की कार्रवाई की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। अब लोगों को प्रशासनिक अधिकारियों की जोड़ी से उम्मीद है कि बैतूल जिले में पैर पसार चुके तथाकथित भूमाफियाओं पर नकेल कसेंगे।

केवल चार माह पहले बैतूल में कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति हुई थी। हालांकि दोनों ही अधिकारी प्रमोटेड बताए जाते हैं, लेकिन काम करने का तजुर्बा उन्हें अन्य अधिकारियों से जुदा रखता है।

बैतूल में पदस्थ होने के पहले कलेक्टर के बारे में कहा जा रहा था कि अपनी पदस्थापना के दौरान भूमाफियाओं पर कार्रवाई के लिए चर्चित रहे। उज्जैन जैसी महाकाल की नगरी में उन्होंने भूमाफियाओं पर बुल्डोजर चलाने में कसर नहीं छोड़ी, जबकि उस समय यहां मंत्री (अब प्रदेश के मुख्यमंत्री) डॉ.मोहन यादव का दबदबा था। कहा जाता है कि मंत्री के निर्देश पर उन्होंने उनके गृह क्षेत्र को भूमाफियाओं से मुक्त करवा दिया। इसके बाद वे अन्य जगह पदस्थ रहने के दौरान भी भूमाफियाओं पर लगातार कार्रवाई करते रहे। इससे भूमाफियाओं में जमकर हड़कंप मचा।

दूसरी तरफ एसपी की बात करें तो साइबर क्राइम के विशेषज्ञ रहने के बाद कई गंभीर मामलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से राज्य शासन द्वारा उन्हें सम्मान किया गया। मैदानी पदस्थापना के दौरान भी सीएसपी और एएसपी रहते हुए वेे बड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटे। संयोग से यह दोनों अधिकारी बैतूल में पदस्थ हुए तो मुख्यमंत्री के करीबी रहने का भी उन्हें फायदा मिला।

रेत माफियाओं पर कार्रवाई से अलग संदेश

कलेक्टर और एसपी की जोड़ी ने जिस तरह पिछले दिनों शाहपुर और घोड़ाडोंगरी ब्लाक में रेत माफियाओं के अड्डें पर कार्रवाई की, इसकी सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है। दरअसल आधी रात को कलेक्टर और एसपी वह काम कर दिखाया, जो वर्षों से न कोई एसडीएम, एसडीओपी और खनिज अधिकारी कर सके। रात को भारी भरकम लश्कर के साथ कार्रवाई करते हुए कलेक्टर और एसपी ने खनिज विभाग के 33 डंपर जब्त कर स्टॉक भी जब्त किया।

इसके बाद दो रेत माफियाओं समेत पोकलेन मशीन के मालिकों को भी कार्रवाई कर जेल का रास्ता दिखाया। शेष फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह पुलिस की टीम भेजी जा रही है। रेत माफियाओं में कलेक्टर-एसपी की इस कार्रवाई से इतना हड़कंप है कि कई डंपरों के पहिए कुछ दिनों से थमे दिखाई दे रहे हैं। खबर तो यह भी है कि कुछ माफियाओं ने अपने डंपर तक बेचना शुरू कर दिया है। यह कहीं न कहीं कलेक्टर-एसपी की कार्रवाई का असर कहा जा सकता है।

भूमाफियाओं ने सरकारी जमीन हड़पी, कार्रवाई की उम्मीद

कलेक्टर-एसपी की कार्रवाई के बाद अब लोगों में आश जगी है कि भूमाफियाओं पर भी यह जोड़ी कड़ी कार्रवाई करेंगी। दरअसल बैतूल जिले में भूमाफियाओं ने बड़े पैमाने पर शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा है। कुछ ने तो इसे बेच डाला है। इन पर कार्रवाई के लिए लंबे समय से राजस्व और नजूल स्टाफ पुराना होने के कारण कार्रवाई नहीं कर रहा है। कुछ विभीषणों के कारण शासकीय भूमि कालोनाइजर और भूमाफियाओं के कब्जे में चली गई। इसी तरह जिले में कई ऐसे मामले लंबित है, इनमें लोगों की शिकायतें जनसुनवाई में पहुंच रही है। कालोनाइजरों ने लाखों रुपए देकर प्लाट और फ्लैट बेच दिए, लेकिन यहां पर सुविधाएं नहीं है। इस तरह के मामलों में पुराने अधिकारी कुछ नहीं कर सके, लेकिन लोगों का मानना है कि कलेक्टर और एसपी रेत माफियाओं की तरह भूमाफियाओं पर कार्रवाई करे तो उन्हें राहत मिल जाएगी।

इनका कहना…..
लोगों का सुझाव आया है, इस पर अमल करेंगे। कलेक्टर साहब अभी बाहर गए हैं। शाम को आने पर उनसे भूमाफियाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद जो निर्णय होगा, उसी हिसाब से कार्रवाई तय करेंगे।
निश्चल एस झारिया, एसपी बैतूल।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button