Jua Ki Permission: झल्लार में बारी-बारी से मिल रही जुआं चलाने की अनुमति!
दूरस्थ अंचलों से निकलकर अब थाने से एक किमी दूर भी खुलेआम लग रहे दांव पेंच

Jua Ki Permission: बैतूल। जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में इस समय अवैध गतिविधियां सर्वाधिक संचालित की जा रही है। चिचोली और बोरदेही के बाद ऐसा थानाक्षेत्र है, जहां जुआ सट्टा का संचालन करने वालों के लिए जगह काफी मुफीद बताई जाती है।
इसी वजह थानाक्षेत्र के कई गांवों मे बारी-बारी से जुआं संचालित होना आम बात है। खबर है कि अब थाने से महज एक किमी की दूरी पर आमला रोड पर जुआं का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण इस बात के खुद साक्षी है। ऐसे में किसी और से पूछने की जरूरत महसूस नहीं की जा सकती है। अब जिले के ईमानदार एसपी को झल्लार क्षेत्र में चल रहे जुआं घर और जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय करने की महत्ती आवश्यकता है।
सूत्र बताते हैं कि थानाक्षेत्र के कामसार, ताप्ती के जंगल में जुआं का संचालन करना आम बात है। इसके अलावा साप्ताहिक बाजार में भी मंजे हुए जुआरियों की गैंग हाथ अजमा रही है। कल्लू, दीपक की जोड़ी पूरे क्षेत्र में जमकर धमाचौकड़ी के बाद अब झल्लार थाने से महज एक किमी की दूरी पर आमला रोड पर जुआं का संचालन करने की पुख्ता खबर है।
इस जुआं में अब कल्लू, दीपक के अलावा अमन, ऋषि, लब्बू के नाम सामने आ रहे हैं। सांझवीर टाईम्स को झल्लार से ही आमला होते भैंसदेही जाने वाले कुछ लोगों ने इस बात की जानकारी देते बताया कि पोल पर्व के बाद से बसस्टैंड से महज सौ मीटर की दूरी पर यह जुआ घर संचालित किया जा रहा है।
लोगों का मानना है कि थाने से चंद कदमों की दूरी पर बिना अनुमति जुआ घर संचालित नहीं किया जा सकता है। आमला रोड पर रहने वाले झल्लार के स्थानीय निवासियों ने भी बताया कि 70-80 लोगों की टोली सुबह दस बजे से लेकर देर शाम तक यहां पर जुएं पर दांव पेंच लगा रही है। इसमें कई स्कूल और कालेज के छात्र भी शामिल हो रहे हैं।
लोगों का आक्रोश झल्लार थाना प्रभारी और स्टाफ के खिलाफ लगातार बढ़ते जा रहा है। लोगों ने जिले के ईमानदार एसपी से आग्रह किया है कि बसस्टैंड से आमला रोड पर चल रहे जुआं घर को तत्काल बंद कर झल्लार थाना प्रभारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए।




