Betul News: चौपाटी में दुकान आवंटन पर बवाल, दूसरे दिन भी बंद रहीं एक सैकड़ा दुकानें

129 में से 91 दुकानदार पात्र, अपात्र किए गए संचालकों ने उठाए प्रक्रिया पर सवाल, विधायक से मिलने पर होगी स्थिति स्पष्ट
Betul News: बैतूल। नेहरू पार्क स्थित चौपाटी में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया है। नगरपालिका द्वारा 129 दुकानों में से 91 दुकानदारों को पात्र घोषित किए जाने के बाद अपात्र किए गए दुकान संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। विरोध के चलते शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी चौपाटी की दुकानें बंद रहीं।
दुकानदारों का आरोप है कि पात्रता निर्धारित करने में अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उनका कहना है कि वर्षों से संचालित दुकानों की वास्तविक स्थिति और पुराने नगरपालिका रिकॉर्ड का समुचित मिलान किए बिना किसी को अपात्र घोषित करना उचित नहीं है।

विधायक से मिलने पहुंचे दुकानदार, फोन पर हुई चर्चा
दुकान आवंटन को लेकर चल रहे विरोध के बीच शनिवार को चौपाटी के दुकान संचालक अपनी मांगों को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के आवास पहुंचे। खंडेलवाल से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन दूरभाष पर दुकानदारों से चर्चा हुई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार शाम चौपाटी पहुंचने और दुकानदारों की समस्या सुनकर समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिया।
एक समान मापदंड से अंतिम सर्वे की मांग
दुकान संचालकों ने नगरपालिका से चौपाटी की सभी दुकानों और गुमटियों का एक समान मापदंड के आधार पर अंतिम सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्वे के दौरान किसी दुकान या संचालक के साथ अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। प्रत्येक गुमटी को स्थायी पहचान देने के लिए विशिष्ट गुमटी आईडी जारी करने की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में उसकी पहचान और रिकॉर्ड को लेकर कोई विवाद न हो।
दुकानदारों ने मांग रखी है कि प्रत्येक गुमठी का स्थान, आकार और भौतिक स्वरूप अलग से दर्ज किया जाए। साथ ही उसके मूल आवंटी, वर्तमान आवंटी और वास्तविक रूप से दुकान संचालित करने वाले व्यक्ति का विवरण भी पृथक दर्ज किया जाए। वर्तमान संचालक के दस्तावेजों का नगरपालिका के पुराने रिकॉर्ड से मिलान कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने की मांग की गई है।
सर्वे की वीडियोग्राफी और दुकानदारों से सत्यापन
दुकानदारों ने अंतिम सर्वेक्षण की दिनांक सहित वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। सर्वे के दौरान प्रत्येक गुमटी की पहचान, उसकी आईडी और वर्तमान स्थिति रिकॉर्ड करने की बात कही गई है। सर्वे के बाद तैयार होने वाली गुमठीवार सूची का नेहरू पार्क चौपाटी कार्यकारिणी और संबंधित दुकानदारों से सत्यापन तथा हस्ताक्षर कराने की मांग भी सामने रखी गई है।
दुकान संचालकों का कहना है कि नगरपालिका के पुराने अभिलेख, आवंटन अथवा लाइसेंस, शुल्क और किराया रसीद सहित उपलब्ध दस्तावेजों का वर्तमान स्थिति से मिलान किया जाना चाहिए। इसके बाद ही अंतिम पात्रता सूची तैयार की जाए। अंतिम सूची में गुमठी आईडी, स्थान, व्यवसाय का प्रकार, वास्तविक दुकानदार और आवंटन अथवा लाइसेंस की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज करने की मांग की गई है।
भविष्य की कार्रवाई में भी हो गुमटी आईडी का उल्लेख
दुकानदारों ने यह भी मांग रखी है कि भविष्य में किसी गुमठी के आवंटन, नवीनीकरण, निरीक्षण, शिकायत अथवा हटाने से संबंधित कार्रवाई में उसकी गुमठी आईडी का उल्लेख अनिवार्य किया जाए। उनका कहना है कि सभी गुमटियों के लिए समान सर्वे प्रारूप और समान मापदंड निर्धारित होने चाहिए, ताकि किसी व्यक्ति विशेष के मामले में अलग-अलग प्रशासनिक प्रक्रिया अपनाने की स्थिति न बने।
बोले दुकानदार—गुमठी की पहचान स्थायी, संचालक बदल सकता है
दुकानदारों का तर्क है कि गुमठी एक भौतिक इकाई है, जबकि उसका संचालक समय के साथ बदल सकता है। ऐसे में गुमठी और उसके संचालक की पहचान को एक ही रिकॉर्ड में मिलाने के बजाय अलग-अलग दर्ज किया जाना जरूरी है।
इससे गुमठी के पुराने आवंटन से लेकर वर्तमान संचालन तक का पूरा प्रशासनिक और भौतिक इतिहास सुरक्षित रहेगा तथा भविष्य में विवाद की स्थिति में रिकॉर्ड के आधार पर निर्णय लिया जा सकेगा। अब दुकानदारों की नजर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के चौपाटी पहुंचने पर है। माना जा रहा है कि उनकी मौजूदगी में नगरपालिका की आवंटन प्रक्रिया और दुकानदारों की आपत्तियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




